
ऊना। रिश्वत लेते पकड़े गए सोलन जिले के एएसआई कृष्ण चंद के घर रविवार को विजिलेंस टीम ने दबिश दी। ऊना से ब्यूरो की टीम रामपुर ( ग्रीन एवेन्यू कालोनी) गई थी। एएसआई ने रामपुर में घर बना रखा है। टीम ने घर में लगातार पांच घंटे तक तलाशी ली। इस दौरान एएसआई के परिजन भी घर पर ही थे। तलाशी के दौरान ब्यूरो की टीम को एएसआई के परिजनों ने कुछ आभूषण और उपलब्ध कैश दिखाया। इन आभूषणों की खरीद और कैश का पूरा रिकार्ड भी टीम के समक्ष पेश किया गया। ब्यूरो की टीम ने स्नानागार और शौचालय में भी तलाशी ली। घर की एक एक अलमारी को ब्यूरो की टीम ने खुलवाया। अलमारी में रखे कपड़ों की भी ब्यूरो की टीम ने बारीकी से तलाशी ली। घर में रखे फर्नीचर और अन्य तमाम चीजों पर ब्यूरो की टीम ने नजर दौड़ाई।
रसोई घर में रखे आटे, चावल और दालों के डिब्बों को भी खुलवाया। तलाशी के दौरान आरोपी एएसआई के घर से ऐसी कोई आपत्तिजनक चीज नहीं मिली है जिसका रिश्वत केस से ताल्लुक हो। एएसआई को बद्दी में एक प्रवासी से पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफआईआर की प्रति जारी करने क ी एवज में चार हजार रुपये रिश्वत लेने के आरोप में ब्यूरो ने दबोचा है। ब्यूरो के डीएसपी विजय सकलानी ने एएसआई के घर में रेड की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सब इंस्पेक्टर तारा चंद के नेतृत्व में ब्यूरो की एक टीम को रामपुर भेजा गया था। तलाशी के दौरान आरोपी के घर से कुछ खास साक्ष्य न मिल पाने की उन्होंने बात कही।
