
नई दिल्ली। राजधानी स्थित तालकटोरा स्टेडियम में मंगलवार को यूपीए की अध्यक्ष सोनिया गांधी खाद्य सुरक्षा योजना शुरू करेंगी। पहले चरण में एएवाई, बीपीएल, जेआरसी और आरसीआरसी श्रेणी के 5.10 लाख परिवार के 32 लाख लोगों को योजना में शामिल किया जाएगा। शुभारंभ कार्यक्रम के लिए खाद्य सुरक्षा गीत बनाया गया है जिसे साहित्य कला परिषद के कलाकार गाएंगे। इस अवसर पर 12 लाभार्थी परिवार की वरिष्ठ महिला को खाद्य सुरक्षा कार्ड और पांच-पांच किलो चावल का पैकेट भी दिया जाएगा।
खाद्य सुरक्षा योजना लागू करने में अव्वल आने को आतुर मुख्यमंत्री शीला दीक्षित राजीव गांधी के जन्मदिन पर सोनिया गांधी से योजना का शुभारंभ करा रही हैं। महत्वाकांक्षी योजना में शामिल होने के लिए प्रत्येक विधायक को अपने साथ 20-20 समर्थक लाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं लाभार्थियों के करीब दो हजार स्मार्ट खाद्य सुरक्षा कार्ड बनाये गए हैं जिन्हें लेने के लिए उन्हें आमंत्रित किया गया है। हालांकि जब तक सभी के कार्ड नहीं बन जाते तब तक पुराने कार्ड में मान्य रहेंगे।
सूत्रों के अनुसार केंद्र सरकार के अध्यादेश पर योजना का शुभारंभ किया जा रहा है लेकिन अभी तक केंद्र सरकार ने दो रुपये व तीन रुपये प्रति किलो की दर से अनाज का आवंटन नहीं किया है। जब तक केंद्र सरकार ने आवंटन नहीं मिलता तब तक दिल्ली सरकार अन्नश्री योजना की राशि उस पर खर्च करेगी।
