
भोरंज (हमीरपुर)। पुलिस थाना भोरंज के अंतर्गत सैर को निकली दो महिलाओं को एक वाहन ने टक्कर मार दी। इससे एक महिला ने अस्पताल पहुंचकर दम तोड़ दिया जबकि दूसरी को प्राथमिक उपचार के बाद क्षेत्रीय अस्पताल रेफर कर दिया है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जाहू कलां निवासी कौशल्या देवी और कमला देवी सुबह करीब पांच बजे सैर को निकली थीं। वे सुलगवान की तरफ गई थीं। करीब साढ़े छह बजे दोनों घर आ रही थी। दोनों सड़क किनारे चल रही थी। इस दौरान एक टैंपो ट्रैवलर मुंडखर की तरफ से तेज गति से आया और महिलाओं को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में दोनों घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें भोरंज अस्पताल पहुंचाया गया। कौशल्या देवी ने अस्पताल में घावों के ताव न सहते हुए दम तोड़ दिया। कमला देवी को प्राथमिक उपचार के बाद क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर रेफर कर दिया है। पुलिस में केस कौशल्या के बेटे मिलाप चंद ने दर्ज करवाया है। पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई आरंभ कर दी है। मृतका का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
उधर, पुलिस अधीक्षक वीना भारती का कहना है कि पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है। मृतका का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।
