
भोरंज (हमीरपुर)। पीएनबी शाखा ढो में एक व्यक्ति के खाते से किसी ने करीब एक लाख रुपये निकाल लिए। व्यक्ति सेना में कार्यरत है। घटना के बारे में जानकारी उस समय लगी, जब सैनिक की पत्नी पास बुक लेकर एंट्री करवाने के लिए बैंक में पहुंची। पैसे किसने निकाले, कैसे निकाले, इसकी जानकारी बैंक प्रबंधन को भी नहीं है। पैसे निकालने के लिए किसी फार्म का उपयोग भी नहीं किया गया है। बैंक प्रबंधन इसे लेकर हैरान है। बैंक प्रबंधन मामले की छानबीन के लिए आईटी सेक्शन हमीरपुर की सहायता ले रहा है। महिला ने शिकायत पुलिस थाना भोरंज में भी करवा दी है। सुदेश कुमारी पत्नी सुरेंद्र कुमार पास बुक में एंट्री करवाने के लिए पीएनबी बैंक शाखा ढो में पहुंची। बैंक कर्मियों ने पास बुक में एंट्री की तो खाते में राशि शून्य पाई, जबकि खाते में एक लाख दो हजार पांच सौ रुपये थे। महिला यह देख हैरान रह गई। बैंक प्रबंधन ने छानबीन की तो पाया कि खाते से 22 दिसंबर, 2013 से लेकर 5 जनवरी, 2014 तक 28 बार ट्रांजेक्शन हुई है। जबकि महिला ने बताया कि पास बुक और एटीएम उसके पास हैं, उसने कोई ट्रांजेक्शन नहीं की है। बैंक प्रंबधन की मानें तो पैसे निकालने के लिए किसी निकासी फार्म का प्रयोग भी नहीं किया गया है।
पीएनबी ढो शाखा प्रबंधक एसआर वर्मा ने बताया कि खाते से राशि कैसे और किसने निकाली, इसका पता लगाने के लिए आईटी सेक्शन हमीरपुर की सहायता ली जा रही है। जांच के बाद सारी बात सामने आएगी।
थाना भोरंज प्रभारी ओम चंद ने बताया कि महिला ने शिकायत दर्ज करवाई है। आईटी सेक्शन की रिपोर्ट आने पर मामले की जांच आगे बढ़ेगी।
