
पंचकूला: एम.बी.ए. पास आऊट एक युवती ने यहां फंदा लगाकर जान दे दी। युवती मूल रूप से कानपुर के कल्याणपुर क्षेत्र की रहने वाली थी और यहां सैक्टर-12 में किराए के मकान में रह रही थी। पिछले दिनों ही उसने बैंक से नौकरी छोड़ी थी। उसने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है, जिसमें उसने आत्महत्या के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया है। पुलिस के मुताबिक 23 वर्षीय सोना मांडवेकर ने एच.आर. में एम.बी.ए. किया था और वह इसी साल जून में पंचकूला आई थी। यहां वह एक प्राइवेट बैंक में नौकरी करती थी। उसके साथ यू.पी. निवासी प्रेरणा, अकांक्षा व वर्षा नामक लड़कियां भी किराए के मकान में रह रही थीं। करीब एक महीने पहले सोना ने नौकरी छोड़ दी थी।
वीरवार देर शाम जब उसकी रूम मेट अकांक्षा कमरे पर आई तो सोना अपने दुपट्टे से बनाए फंदे पर लटकी हुई थी। रूममेट ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर सैक्टर-5 थाना पुलिस पहुंची और जांच के बाद सुसाइड नोट बरामद किया। सैक्टर-5 थाना प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि सोना के परिजनों को सूचना दे दी गई है।
यह लिखा सुसाइड नोट में
सुसाइड नोट में सोना ने लिखा है कि मैं जिंदगी से परेशान हूं। अपनी लाइफ से थक गई हूं। मेरी आत्महत्या का कोई जिम्मेदार नहीं है। मां और भाई को प्यार।
