
कुल्लू। देवभूमि कुल्लू के सैकड़ों उपभोक्ताआें को विद्युत बोर्ड की कार्यप्रणाली भारी पड़ने वाली है। कारण, उपभोक्ताओं को तीन माह से बिजली बिल ही नहीं दिए गए हैं। अब उन्हें एक साथ भारी भरकम बिल आने का भय सताने लगा है। बिजली बिलों के समय पर न मिलने से बिजली बोर्ड के प्रति लोगों में आक्रोश पनपने लगा है। उपभोक्ताओं का कहना है कि उन्हें बिजली के मासिक बिल नहीं मिले हैं। एक साथ दो-तीन माह के बिल आने से जहां उन्हें आर्थिक संकट का सामना करना पड़ता है, वहीं बजट भी गड़बड़ा जाता है। उपभोक्ता धनेश, हेम राज, सुनील, अम्मी चंद, अशोक, सुरेश कुमार, तेज राम, प्रेम साहसी, उमा ठाकुर, देव राज, हेम राज, संजय कुमार, तिलक राज तथा लता देवी ने कहा कि उन्हें सितंबर, अक्तूबर और नवंबर माह का बिजली बिल नहीं मिला है। दो-तीन माह का एक साथ बिल आने से उन पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। ऐसी सूरत में उन्हें बिल अधिक आता है तो इसके लिए बिजली बोर्ड जिम्मेदार होगा। उधर, बाह्य सराज आनी के विशलाधार पंचायत के विद्युत उपभोक्ताओं को छह से सात माह से बिजली बिल नहीं मिल पाए हैं। इससे उपभोक्ता खासे परेशान हैं। उपभोक्ता निहाल ठाकुर और दुनी चंद ने कहा कि उन्हें अप्रैल और मई माह से अभी तक बिजली के बिल नहीं मिले हैं। बिलों के न मिलने से इलाके के सैकड़ों उपभोक्ता खासे परेशान हैं।
कोट्स..
बिजली बिलों की रीडिंग और बिल काटने का जिम्मा ठेके पर दिया गया है। बिजली बिल समय पर नहीं मिलने की शिकायत बोर्ड के पास भी आ रही है। लिहाजा, बोर्ड ने इस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए नोटिस जारी किया है। बावजूद इसके हालात नहीं सुधरे तो कंट्रेक्टर को बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा।
प्रवेश ठाकुर अधीक्षण अभियंता बिजली बोर्ड कुल्लू।
