सैंज में विद्युत प्रोजेक्ट का काम जबरन रोका

सैंज (कुल्लू)। वेतन के भुगतान और मजदूरों की सुविधाओं को लेकर मजदूर संगठन सीटू ने सौ मेगावाट की सैंज जल विद्युत परियोजना का निर्माण कार्य बंद करवा दिया है। सीटू के बैनर तले सैकड़ों मजदूरों ने वीरवार को सैंज में रैली निकाली और परियोजना प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
परियोजना का निर्माण कर रही कंपनी के कार्यालय के प्रांगण में मजदूरों को संबोधित करते हुए सीटू के राज्य इकाई के सदस्य शेर नेगी ने कहा कि कंपनी मजदूरों का शोषण कर रही है। यहां कार्यरत छह सौ मजदूरों को मई माह से वेतन नहीं दिया जा रहा है। श्रम नियमों को नजरअंदाज कर मजदूरों को मूल सुविधाओं से वंचित रखा जा रहा है। कंपनी का सेफ्टी विभाग भी नकारा साबित हुआ है। कहा कि किसी भी मजदूर को जूते, गल्ब, हेलमेट और मास्क नहीं दिए जा रहे।
सीटू के जिला इकाई के सदस्य जसवंत नेगी ने कहा कि कंपनी मजदूरों को बोनस नहीं दे रही है। परियोजना में काम कर रहे 600 मजदूरों को बोनस से वंचित रखा है। उन्होंने कहा कि प्रबंधक यहां तानाशाह बने हुए है और बिना किसी कारण बताए मजदूरों को नौकरी से हटाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कंपनी प्रबंधन इस परियोजना में जमकर शोषण कर रहे हैं। जसवंत नेगी ने कहा कि जब तक मजदूरों के वेतन का भुगतान नहीं होता तब तक परियोजना की सभी साइटों का निर्माण कार्य बंद रखा जाएगा। मजदूरों की अन्य मांगों को लेकर प्रबंधन को लिखित आश्वासन देना होगा। जनसभा को सीटू नेता नेसर सिंह, विनय चौहान, राजेश कुमार, कृष्णा, सतीश, वेदराम और टेडी सिंह ने भी संबोधित किया। वहीं एचसीसी के प्रबंधक माखन सिंह ने कहा कि मजदूरों की मांगों को लेकर बातचीत चल रही है।

Related posts