
नादौन (हमीरपुर)। निरंकारी संत समागम के दूसरे दिन का शुभारंभ सेवादल रैली से हुआ जिसमें संत निरंकारी सेवा दल के वर्दी पहने हुए हजारों की संख्या में जवानों ने भाग लिया। रैली में शारीरिक व्यायाम, खेल तथा निश्वार्थ सेवा के महत्व को महत्वपूर्ण साधन दर्शाते हुए प्रभावशाली सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
सेवादल के सदस्यों ने सुंदर पीटी कार्यक्रम, मटका दौड़, बच्चों का बैलून ब्रेकिंग सहित मिशन के उद्देश्यों को दर्शाने वाली लघु नाटिकाएं प्रस्तुत कर खूब वाहवाही लूटी। हिमाचल सहित अन्य पड़ोसी राज्यों से आए सेवा दल सदस्यों ने बाबा जी के रथ का सुंदर ढंग से स्वागत किया। सेवा दल के प्रभारी हरबंस लाल अरोड़ा ने बाबा जी से मिशन और मानवता की निरंतर सेवा करते रहने के लिए आशीर्वाद की कामना की। रैली को आशीर्वाद प्रदान करते हुए बाबा जी ने कहा कि सेवा दल के सदस्य न केवल सत्संग कार्यक्रमों और बड़े समागमों के प्रबंध में योगदान देते हैं, बल्कि देश के किसी भी भाग में प्राकृतिक आपदाओं के दौरान राहत तथा बचाव कार्यों में सहायता करते हैं। मिशन द्वारा चलाए जा रहे रक्तदान तथा समाज कल्याण की गतिविधियों में सक्रिय रूप से योगदान देते हैं।
बाबा हरदेव सिंह ने कहा कि कोई भी सेवा छोटी या बड़ी नहीं होती है। मानव की सोच ही छोटा या बड़ा बनाती है। सेवा दल के सदस्यों के अनुसाशन तथा भक्ति भाव की सराहना करते हुए कहा कि सदस्य औरों के लिए अनुपम उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं।
