सेल्युलर कंपनियों का रिकॉर्ड खंगाला

ऊना। संचार मंत्रालय के अधीन विजिलेंस टेलीकॉम मानीटरिंग सेल (वीटीएम) की टीम ने ऊना में सेल्युलर कंपनियों के दफ्तरों में रिकॉर्ड खंगाला। इस दौरान टीम ने कंपनी के स्थापित टावरों और मशीनरी आदि की भी पूरी जानकारी ली। इस दौरान ऊना शहर में टीम ने सेल्युलर कंपनियों के दफ्तरों में बारीकी से रिकॉर्ड का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को विशेष दिशा-निर्देश भी जारी किए।
जानकारी के अनुसार सेल के पास जिले के कई इलाकों में सिग्नल की समस्या को लेकर शिकायतों की लंबी फेहरिस्त है। इसके आधार पर भी सेल की टीम ने सेल्युलर कंपनियों को समस्या में जल्द सुधार की हिदायत दी। मंगलवार और बुधवार को टीम ने ऊना जिले के अंब, बंगाणा समेत विभिन्न इलाकों में सेल्युलर कंपनियों के छोटे बड़े दफ्तरों में दबिश दी। आधा दर्जन अधिकारियों की इस टीम के दबिश से सेल्युलर कंपनियों में हड़कंप स्थिति रही। ऊना जिले में बंगाणा, ऊना, गगरेट, चिंतपूर्णी, संतोषगढ़, हरोली समेत कई इलाकों में विभिन्न सेल्युलर कंपनियों के सिग्नलस की समस्या रहती है। हालांकि कंपनियां हर जगह टावर स्थापित होने और बेहतर सिग्नल के दावे करती हैं। इसी तरह की शिकायतों पर टीम ने दबिश देकर रिकार्ड खंगाला और मशीनरी तथा अन्य चल तथा अचल संपत्ति से उसका मिलान भी किया।
एक सेल्युलर कंपनी के अधिकारी ने बताया कि यह सेल सेल्युलर कंपनियों के टावरों समेत अन्य मशीनरी आदि की मौजूदगी का पता लगाता है। लोगों को सिग्नल समेत कंपनियों की ओर कोई समस्या न आए यह सुनिश्चित करवाना भी सेल का काम होता है।

Related posts