
भुंतर (कुल्लू)। भुंतर में चल रहे एक सेल्फ हेल्प ग्रुप में धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। इसी ग्रुप की सचिव ने पुलिस में शिकायत की है कि संस्था के प्रधान ने कुछ अन्य सदस्यों के साथ मिलकर उसके फर्जी हस्ताक्षर कर खाते से रकम निकाल ली। पता चलने पर सचिव ने इस बाबत भुंतर थाने में मुकदमा दर्ज करवाया है। डीएसपी संजय शर्मा ने इसकी पुष्टि की है।
शुरड़ निवासी अनीता ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि वह भुंतर में एक सेल्फ ग्रुप में सचिव के पद पर तैनात हैं। संस्था ने भुंतर के एक बैंक में ऋण खाता खुलवा रखा है। ग्रुप के प्रधान शशिपाल और प्रोमिला ने उसकी गैर मौजूदगी में बैंक से धन की निकासी कर ली। डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने भादंसं की धारा 420 के तहत केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। उन्होंने माना कि प्रथम दृष्टया में यह लाखों की हेराफेरी का मामला लग रहा है। इस सिलसिले में ग्रुप से जुडे़ अन्य लोग भी शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंच रहे हैं। उधर अपने ऊपर गिरफ्तारी की तलवार लटकते देख आरोपियों ने अदालत में अग्रिम जमानत के लिए याचिका दायर कर दी है।
