सेब पर मार्केटिंग फीस वृद्धि बंद हो : नाथटा

रोहड़ू। सेब पर मार्केटिंग फीस बढ़ाने पर बागवान भड़क गए हैं। फल एवं सब्जी उत्पादक संघ के प्रदेश अध्यक्ष कमल नाथटा ने एपीएमसी से मांग की है कि मार्केटिंग फीस बढ़ोतरी के निर्णय को तुरंत वापस लिया जाए। नाथटा ने कहा कि सरकार ने वसूली बंद करवाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए तो बागवानों को सेब सीजन में सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि चार महीने से हर तीसरा निर्णय बागवानों के खिलाफ लिया जा रहा है। पहले आढ़तियों ने छोटे सेब पर दर लगाने के लिए कदम उठाए। बागवानों के विरोध के बाद सरकार ने दर लगाने पर रोक लगवाई। अब प्रदेश विपणन समिति की ओर से सेब पर मार्केटिंग फीस दो रुपये प्रति पेटी से बढ़ा कर पांच रुपये प्रति पेटी किया गया है। उन्होंने कहा कि बागवानों से फीस के नाम से वसूली जा रही राशि का कोई लाभ नहीं दिया जा रहा है। फल एवं सब्जी उत्पादक संघ के प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार से मांग की है कि एपीएमसी पांच रुपये प्रति पेटी वसूली को तुरंत बंद करे। बढ़ाई गई फीस को कम नहीं किया गया तो बागवानों को सेब सीजन में सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरना पड़ेगा।

Related posts