
काईस (कुल्लू)। कुल्लू घाटी में इन दिनों सेब सीजन पूरे यौवन पर है। भले ही दिल्ली में दाम गिरने से फिलहाल कुछ बागवानों ने सेब तुड़ान रोक दिया है लेकिन अभी तक करीब 70 लाख सेब की पेटियों का कारोबार हो चुका है। इसमें स्थानीय मंडियों में करीब 40 लाख तथा बाहरी मंडियों में 30 लाख सेब की पेटियां भेजी गई हैं। हालांकि पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष बागवानों को अच्छे दाम नहीं मिल रहे हैं लेकिन घाटी के बागवानों ने सीजन के शुरुआती दौर में ही स्थानीय सब्जी मंडियों में अब तक करीब तीन सौ करोड़ से अधिक का कारोबार हो चुका है।
इसमें कृषि उपज कुल्लू एवं लाहौल-स्पीति विपणन बोर्ड को भी अच्छा खासा मुनाफा हुआ है। बोर्ड ने मार्केट फीस के रूप में करीब दो करोड़ की कमाई की है। मार्केटिंग बोर्ड के मुताबिक इन दिनों सेब की प्रति पेटी लकड़ी 600 से 700 रुपये तथा कार्टन 800 से 1200 रुपये बिक रही है। प्रगतिशील बागवान नीरत राम, जीत राम, नूप राम, मान दास, राम चंद, नाथू राम, दिले राम, लाल चंद, किरण, अमर और लाभ सिंह ने कहा कि इस वर्ष सेब की अच्छी फसल हुई है। कुल्लू एवं लाहौल-स्पीति कृषि एवं विपणन समिति के सचिव प्रकाश कश्यप ने कहा इस घाटी में 70 फीसदी सेब सीजन कंप्लीट हो गया है।
