सेब की पेटी पर शुल्क समाप्त करे

कुल्लू। राज्य स्तरीय किसान-बागवान अधिवेशन 20 जुलाई को शिमला में होगा। अधिवेशन में कुल्लू जिले से 50 किसान-बागवान भाग लेंगे। यह जानकारी हिमाचल किसान सभा के राज्य सह सचिव एवं जिला महासचिव होतम सिंह सौंखला ने दी। सम्मेलन में किसान सभा और सेब उत्पादक संघ की समस्याओं पर चरचा की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की वर्तमान सरकार और पूर्व भाजपा सरकार ने हमेशा किसान और बागवानों के हितों की अनदेखी की है। पेटियों, कार्टन, भाडे़, खाद और कीटनाशकों के दामों में बढ़ोतरी हुई है। लोकल सब्जी मंडियों में किसानों और बागवानों के उत्पादों की बडे़ पैमाने पर लूट हो रही है। इसे रोकने के लिए सरकार नाकाम रही है।
इस अधिवेशन में सेब को अच्छे रेट में बेचने और सेब की पेटी पर ली जा रही एक प्रतिशत मार्केट फीस समाप्त करने की मांग की जाएगी। विदेश से आने वाले सेब पर सीमा शुल्क जारी रखने और श्रीलंका, अफगानिस्तान, नेपाल, बंगलादेश के माध्यम से विकसित देशों के सेब पर रोक लगाने के मुद्दे पर चरचा होगी। इसके अलावा हेलनैट पर दी जा रही 80 प्रतिशत सब्सिडी का भुगतान और सेब को मंडियों तक पहुंचाने के लिए समुचित ट्रकों का इंतजाम तथा किराया तय किए जाने को लेकर राज्य सरकार के समक्ष मांगें रखी जाएंगी। सौंखला ने कहा कि यदि इस पर राज्य सरकार ने जल्द निर्णय नहीं लिया तो अधिवेशन में आंदोलन की रूपरेखा तय करके आंदोलन को तेज किया जाएगा।

Related posts