
कुल्लू। प्रदेश के मंडी, कुल्लू और लाहौल-स्पीति के युवाओं के लिए भारतीय थल सेना की खुली भर्ती 18 से 25 मई तक तृतीय इंडिका रिजर्व बटालियन मैदान पंडोह मेें होगी। बचत भवन कुल्लू में पत्रकारवार्ता में सेना भर्ती कार्यालय मंडी के भर्ती निदेशक कर्नल एसडी माथुर ने बताया कि यह भर्ती सेना में सैनिक सामान्य ड्यूटी, सैनिक लिपिक वर्ग, धर्मगुरु, हवलदार शिक्षक और डीएससी के पदों के लिए होगी।
उन्होंने बताया कि 18 मई को जिला मंडी के सदर मंडी, चच्योट, थुनाग, लडभड़ोल, संधोल और करसोग तहसील के उम्मीदवारों के लिए सैनिक सामान्य ड्यूटी वर्ग की भर्ती होगी। इसमें सेवारत सैनिक, भूतपूर्व सैनिक, युद्ध विधवाओं के पुत्रों, एनसीसी प्रमाण पत्र धारकों तथा खेल पत्र धारक भी शामिल रहेंगे।
उन्होंने बताया कि 19 मई को सुंदरनगर, जोगिंद्रनगर, पधर, संधोल तथा सरकाघाट तथा 20 मई को जिला कुल्लू तथा लाहौल-स्पीति के उम्मीदवारों की भर्ती होगी। इस दौरान सिक्ख और सिक्ख मजहबी एवं रामदासिया और गोरखा जाति के कुल्लू, मंडी तथा लाहौल-स्पीति सैनिक सामान्य ड्यूटी जीडी वर्ग की भर्ती की जाएगी। बताया कि 21 मई को सैनिक लिपिक और एसकेटी वर्ग की भर्ती जिला मंडी की होगी। 22 मई को जिला कुल्लू और लाहौल-स्पीति और 23 मई को हिमाचल प्रदेश तथा हरियाणा, गुड़गांव, मेवत, पलवल, फरीदाबाद और चंडीगढ़ के उम्मीदवारों की धर्मगुरु, हवलदार शिक्षक और डीएससी वर्ग की भर्ती होगी।
माथुर ने बताया कि सैनिक सामान्य ड्यूटी जीडी उम्मीदवारों की आयु स्क्रीनिंग के दिन साढे़ 17 वर्ष से 21 वर्ष के बीच होनी चाहिए। जन्म 18 मई 1992 से 17 नवंबर 1995 के बीच हुआ होना जरूरी है। उम्मीदवार दसवीं पास होना चाहिए। सैनिक सामान्य ड्यूटी लाहौल-स्पीति और गोरखा उम्मीदवारों के लिए 10 पास होना अनिवार्य है। लिपिक एवं एसकेटी के उम्मीदवारों की आयु साढे़ 17 वर्ष से 23 वर्ष के बीच होनी अनिवार्य है। उम्मीदवारों को बाहरवीं में किसी भी स्ट्रीम साइंस, कामर्स और आर्ट्स में 50 प्रतिशत अंकों की शर्त पूरी करना जरूरी है। धर्मगुरु उम्मीदवारों के लिए मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालयों से स्नातक होना चाहिए। हवलदार शिक्षक वर्ग के लिए योग्यता ग्रुप एक्स के लिए एमए, एमसीए, एमएमसी, बीए, बीएड, बीएससी, बीएड और ग्रुप वाई के लिए बीए, बीसीए, बीएससी होना अनिवार्य है। माथुर ने कुल्लू जिला के नवयुवकों से आग्रह किया है कि वे सेना भर्ती में अधिक संख्या में भाग लें। बताया कि आज तक हुई सेना भर्ती में कुल्लू जिला के युवकों की संख्या कम रही है। युवक अधिक जानकारी भर्ती कार्यालय से प्राप्त कर सकते हैं
