सेखड़ी ने की केन्द्रीय मंत्री संतोष चौधरी से मुलाकात

बटाला: आज बटाला के विधायक एवं आल इंडिया कांग्रेस कमेटी के सचिव अश्विनी सेखड़ी केन्द्रीय स्टेट मंत्री फार सेहत सेवाएं संतोष चौधरी को दिल्ली में मिले। सेखड़ी ने कहा कि उन्होंने केन्द्रीय मंत्री से मिलकर जहां उनका स्वागत किया वहां साथ ही बटाला में पी.जी.आई. का सैटेलाइट अस्पताल खोलने की मांग भी की।

उन्होंने केन्द्रीय मंत्री को इस बात से भी अवगत करवाया कि वह इस संबंध में केन्द्रीय मंत्री गुलाम नबी आजाद एवं प्रधानमंत्री के एडवाइजर टी.के.ए. नायर को भी मिलकर ज्ञापन सौंप चुके हैं जिस पर केन्द्रीय मंत्री आजाद व नायर ने उन्हें बटाला में सैटेलाइट अस्पताल खोलने संबंधी आश्वासन दिया है। वह जब भी दिल्ली में आते हैं तो बटाला वासियों की समस्याओं से केन्द्रीय हाईकमान को अवगत करवाते रहते हैं ताकि वह बटाला के लिए अधिक से अधिक फंड व सुविधाएं केन्द्र सरकार से उपलब्ध करवा सकें।

सेखड़ी ने कहा कि बटाला के विधायक होने के नाते उनका एक ही उद्देश्य शहर की जनता की सेवा करना एवं उनकी समस्याओं का निपटारा करना है। चौधरी ने विधायक सेखड़ी को आश्वासन दिया कि वह इस संबंध में गंभीरता से विचार करेंगी तथा कैबिनेट मंत्री गुलाम नबी आजाद से बातचीत कर बटाला में पी.जी.आई. का सैटेलाइट अस्पताल खोलने की सिफारिश करेंगी।

Related posts