सूमो पलटी, छह श्रद्धालु घायल

ऊना/अंब। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर पंजाब के नवांशहर से मैड़ी जा रहे श्रद्धालुओं से भरी एक टाटा सूमो नलोह-चरणगंगा मार्ग पर पलट गई। हादसे में छह श्रद्धालुओं को चोटें आई हैं, जिन्हें मैड़ी स्थित स्वास्थ्य केंद्र में उपचार दिया गया। हादसे के दौरान टाटा सूमो में एक दर्जन के करीब लोग सवार थे।
जानकारी के मुताबिक गुरु पूर्णिमा के मौके पर दर्शन करने एवं पवित्र स्नान करने के लिए नवांशहर से श्रद्धालु मैड़ी जा रहे थे। इस दौरान उनकी टाटा सूमो नलोह-चरणंगगा मार्ग पर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में घायल श्रद्धालुओं की पहचान मनजीत पुत्र बलदेव, अमरीक पत्नी मनजीत, बलजीत पुत्र मनजीत सिंह, हरमेश पुत्र दशमेश सिंह, चालक राजेंद्र और संसार चंद घायल हो गए। इन्हें हल्की चोटें आई थीं। मैड़ी स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के बाद चिकित्सकों ने इन्हें सराय में भेज दिया। चरण गंगा के पुजारी शादी लाल गोस्वामी ने बताया कि श्रद्धालुओं को मामूली चोटें आई हैं। इन्हें सराय में ठहराया गया है। यह लोग गुरु पूर्णिमा पर पूजा-अर्चना करके वापस लौटेंगे। उधर, डीएसपी अंब सागर चंद्र ने कहा कि घटना की सूचना मिली थी। कोई शिकायत आदि न आने के कारण मामला दर्ज न किया जा सका।

Related posts