सूने पड़े कुल्लू-मनाली के होटल

पतलीकूहल। सर्दियों के चलते कुल्लू-मनाली का टूरिस्ट सीजन भी ठंडा चल रहा है। सैलानियोेें की गैर मौजूदगी से कुल्लू-मनाली के होटल भी सूने हो गए हैं। रेस्टोरेंट में भी पर्यटक कम और स्टाफ के लोग ज्यादा नजर आ रहे हैं। आलम यह है कि हमेशा देशी-विदेशी सैलानियों से गुलजार रहने वाला मनु की नगरी मनाली का मॉल भी चहल-पहल के बिना बेरौनक हो गया है। यहां गिनती के सैलानी नजर आ रहे हैं। मनाली में तैनात हिमाचल पर्यटन निगम के जनरल मैनेजर एनके बाली का कहना है कि मनाली में सैलानी कम ही रह गए हैं। यहां तक कि निगम को वोल्वो बसें चलाने में दिक्कत पेश आने लगी है। बसों के खाली आने-जाने से तेल का खर्चा तक नहीं निकल पा रहा है। लिहाजा, पर्यटन निगम ने मनाली से शिमला रूट पर चलने वाली वोल्वो बस को बंद कर दिया है। अब पर्यटन निगम सिर्फ दिल्ली के लिए ही वोल्वो बस सेवा उपलब्ध करवा रहा है। मनाली होटलियर एसोसिएशन अध्यक्ष अनूप राम ठाकुर का कहना है कि यदि नए पर्यटक स्थलों को उभारने समेत सर्दियों के लिए भी काई मेगा प्रोजेक्ट लाया जाए तो कुल्लू-मनाली में ठंड के मौसम में भी समर सीजन की तरह सैलानियों की कमी नहीं रहेगी।

Related posts