
नई दिल्ली। विवेक विहार में उद्यमी बजरंग लाल और उनके तीन नौकरों की हत्या के मामले में पुलिस ने उद्यमी के भांजे की पत्नी मोना दुग्गल (23) को गिरफ्तार कर लिया है। मोना ने अपने मामा राजीव (25), भाई हरजीत (22) और भाई के दोस्त संजय (34) के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। आरोपी मोना और बजरंग के भांजे में सुलह कराने के बहाने घर में घुसे थे। पुलिस के अनुसार, लोनी के कच्चा बलराम नगर का रहने वाला राजीव वारदात का मास्टर माइंड है। जबकि हरजीत और नंदनगरी निवासी संजय पेशे से कार चालक हैं। करोड़ों रुपये और जेवरात लूटने के बाद आरोपियों ने रविवार शाम 4.30 से 5.00 बजे के बीच सभी की हत्या कर दी थी। अपराध शाखा ने आरोपियों की तलाश में एक टीम जम्मू रवाना की है। अपराधा शाखा के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त रविंद्र यादव ने बताया कि बजरंग के साले प्रमोद ने नौकर गट्टू को कार की डुप्लीकेट चाबी लेने के लिए भेजा था। उस समय घर में एक अनजान महिला मौजूद थी। गट्टू से पूछताछ के बाद महिला का स्केच तैयार किया गया, जिसे देखकर बजरंग की पत्नी ने मोना पर शक जताया। गट्टू को फोटो एलबम से मोना की तस्वीर दिखाई गई, जिसके बाद उसने महिला की पहचान की। सोमवार देर रात को मोना समेत उसके चार परिजनों को पूछताछ के लिए उठा लिया गया था। पूछताछ में मोना ने बताया कि करीब एक साल पहले उसने बजरंग के भांजे अजय से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों में विवाद हो गया। नवंबर 2012 में मोना ने ई-60/218 सुंदर नगरी स्थित अपने मायके में रहना शुरू कर दिया। उसकी माली हालत भी अच्छी नहीं थी। उसे पता था कि बजरंग के पास बहुत पैसा है। मोना ने अपने मामा राजीव के साथ मिलकर योजना बनाई। इसके बाद भांजे व मोना के बीच फैसला कराने के बहाने रविवार दोपहर करीब तीन बजे चारों बजरंग के घर पहुंचे। नौकर भोला (30) ने दरवाजा खोला और सभी को पानी पिलाया। आरोपियों ने सबसे पहले भोला, फिर बजरंग लाल, आनंद और चालक विनोद को बंधक बनाया। बाद में आरोपी सबको बेडरूम में ले गए। वहां उन्होंने ड्रिल मशीन से दरवाजा काटकर चार अलमारियों को तोड़ा और कैश व जेवरात समेट लिया। गट्टू के आ जाने के कारण आरोपी एक अलमारी नहीं तोड़ पाए। माल समेटने के बाद उन्होंने चाकू से तीनों नौकरों का गला रेत दिया। फिर आरोपियों ने बजरंग की पिटाई करने के बाद गला घोंट दिया। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने मोना के पास से 35 लाख रुपये कैश, खून से सने कपड़े, एक बैग व चाबियों के गुच्छे बरामद किए हैं। वहीं, परिवारिक सूत्रों के अनुसार बदमाशों ने घर में रखे दो करोड़ से अधिक रुपये और करीब इतने के ही जेवरात पर हाथ साफ किया है।
