सुलगाणी में स्लेटपोश मकान ढहा

बिझड़ी (हमीरपुर)। क्षेत्र की ग्राम पंचायत धंगोटा के सुलगाणी गांव में बारिश के कारण स्लेटपोश मकान क्षतिग्रस्त हो गया। तीन कमरों के मकान में एक कमरा पूरी तरह ढह गया है और दो अन्य कमरों को भी नुकसान पहुंचा है। हादसे में परिवार को लाखों की आर्थिक क्षति हुई है। हादसे के बाद परिवार को पुराने भवन में शरण लेनी पड़ी है।
सुलगाणी गांव में वयोवृद्ध कांशी राम को रिहायशी मकान ढहने से लाखों का नुकसान उठाना पड़ा है। बारिश के कारण मकान गिरा है। घटना की सूचना मिलने के पश्चात संबंधित विभाग ने रिपोर्ट तैयार कर ली है, जिसे प्रशासन को भेजा जा रहा है। प्रभावित परिवार को प्रशासन ने फौरी राहत के तौर पर आठ हजार रुपये की राशि प्रदान की है। मकान के तीन कमरों में से एक कमरा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है, दो अन्य कमरों को भी नुकसान पहुंचा है।
घटना की सूचना मिलने के पश्चात मुख्य संसदीय सचिव आईडी लखनपाल ने गांव का दौरा किया तथा प्रभावित परिवार का हाल जाना। साथ ही हर संभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने विधायक निधि से दस हजार रुपये की सहायता प्रभावित परिवार को प्रदान की। भैल पंचायत प्रधान प्रेम सिंह, जिला संगठक सेवादल देविंद्र राणा, पुष्पेंद्र बिट्टू, पंचायत समिति सदस्य सुरजीत सिंह, नीलाक्ष लखनपाल, सतीश कुमार, कुलदीप कुमार शर्मा, शेर सिंह आदि ने प्रभावित परिवार को आर्थिक मदद प्रदान करने की मांग की।

Related posts