
हमीरपुर। निगम की बसों में सफर करना खतरे से खाली नहीं है। हमीरपुर मंडल में 40 जीरो वैल्यू बसें सड़कों पर दौड़ रही हैं। बसों को जीरो वैल्यू घोषित किया जा चुका है लेकिन बसों को सड़कों से नहीं हटाया गया है। वर्तमान में सभी जीरो वैल्यू बसें डिपुओं के लोकल रूटों पर दौड़ रही हैं।
हमीरपुर मंडल में पांच डिपो आते हैं। हमीरपुर, बिलासपुर, ऊना, देहरा और नालागढ़ शामिल हैं। वर्तमान में चार डिपुओं में जीरो वैल्यू बसें लोकल रूटों पर दौड़ रही हैं। हमीरपुर डिपो में 14, बिलासपुर में 9, नालागढ़ में चार और देहरा में 13 जीरो वैल्यू बसें सड़कों पर दौड़ रही हैं। हैरत की बात तो यह है कि बसों को जीरो वैल्यू घोषित करने के बावजूद सड़कों से नहीं हटाया गया है। कहा जाए तो निगम की बसों में सफर करना खतरे से खाली नहीं है। कई बार खटारा बसें रास्ते में दम भी तोड़ चुकी हैं। इससे यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। खतरा मोल लेकर बसों को सड़कों पर दौड़ाया जा रहा है तथा कोई हादसा होने पर जांच का खेल शुरू हो जाएगा।
उधर, क्षेत्रीय प्र्रबंधक हमीरपुर प्रदीप कुमार का कहना है कि जीरो वैल्यू बसें तकनीकी रूप से ठीक हैं। इसी के चलते सड़कों पर दौड़ाया जा रहा है। जीरो वैल्यू बसों में बड़ी तकनीकी खराबी आते ही सड़क से हटा दिया जाता है।
