
ऊना(विवेक त्रिपाठी)ऊना शहर में वीरवार को करीब एक घंटे तक लंबा जाम लगा रहा। इस जाम में कई पर्यटक भी फंसे रहे। इससे पहले वीरवार को ही सुबह के समय लालसिंगी में भी जाम की स्थिति रही। करीब पौने घंटे तक सैकड़ों वाहन जाम में फंसे रहे। दोपहर बाद निकले नगर कीर्तन के दौरान तो पुलिस का ट्रैफिक नियंत्रण सिस्टम ही फेल हो गया। लंबे जाम से शहर में लोगाें का बुरा हाल हो गया। राहगीरों को भी भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
स्थानीय निवासी कर्ण, रूपेश कुमार, अरविंद कुमार, राकेश, कारोबारी नीरज कुमार, गौरव सैणी, विशाल कुमार और नरेंद्र ने कहा कि पुलिस को पहले ही पता था कि शहर में नगर कीर्तन का आयोजन होना है। पहले ही रोटरी चौक से बस अड्डा होते हुए आईपीएच रेस्ट हाउस पुल तक पुलिस तैनात करनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि ऐसे मौकों पर ही हमेशा पुलिस के ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम का फेल होना अच्छी बात नहीं है। सदर थाने के एसएचओ केएल बैरी ने कहा कि सुबह के समय लालसिंगी में लगे जाम को पुलिस ने कुछ देर में ही खुलवा दिया था। नगर कीर्तन के दौरान भी पुलिस ने जाम से बनी अव्यवस्था पर नियंत्रण पा लिया।
जाम में फंसी एंबुलेंस
इस दौरान एक एंबुलेंस भी जाम में फंस गई। सायरन बजाती हुई एंबुलेंस ने एकाएक सबका ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर लिया। एंबुलेंस में मरीज को अस्पताल की ओर ले जाया जा रहा था। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने जाम से एंबुलेंस को निकाला और रेड लाइट चौक की ओर रवाना किया।
