सुजानपुर में भाजयुमो का हल्ला बोल

सुजानपुर (हमीरपुर)। सुजानपुर मंडल भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने कौशल विकास भत्ते, बस किराये में बढ़ोतरी, महंगाई को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ जमकर हल्ला बोला। भाजपा महामंत्री पवन शर्मा, भाजयुमो जिलाध्यक्ष सुरजीत ठाकुर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बस किराया बढ़ोतरी के विरोध में सुजानपुर में हल्ला बोला। शहर में रैली निकाल प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस ने कौशल विकास भत्ते के नाम पर प्रदेश के लाखों बेरोजगार युवाओं के साथ धोखा किया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में आने से पहले बेरोजगार युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देने का आश्वासन दिया था। सत्ता में आने के बाद प्रदेश सरकार ने युवाओं की अनदेखी की है। बेरोजगारी भत्ते के नाम पर कौशल विकास भत्ता शुरू कर दिया है लेकिन इसमें कई बार संशोधन कर पेचीदा बना दिया है। भाजयुमो ने प्रदेश सरकार को फ्लाप सरकार करार दिया है। प्रदेश सरकार पर बदले की भावना से कार्य करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर को प्रदेश सरकार बेवजह तंग कर रही है। अब जनता प्रधानमंत्री के पद पर नरेंद्र मोदी को देखना चाहती हैं। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के नाम से वोट मांगने और चुनावों में जीत के बाद सुजानपुर में वीरभद्र सिंह का रथ खींचने वाले विश्वासघाती नेता को जल्द ही सबक सिखाएंगे। धरना प्रदर्शन में मंडलाध्यक्ष मनोज शर्मा, अनिल परमार, अनिल कौशल, जगन कटोच, चमन ठाकुर, पुरुषोत्तम चंद आदि मौजूद रहे।

Related posts