सुजानपुर में पंचायत समिति अध्यक्ष के खिलाफ बगावत

सुजानपुर (हमीरपुर)। पंचायत समिति सुजानपुर में सदस्यों ने तख्ता पलट की कवायद शुरू हो गई है। कवायद विधायक के समर्थक एक सदस्य कर रहे हैं। कांग्रेस और भाजपा दोनों खेमों में सेंध लगाई है। अध्यक्ष की कार्यप्रणाली से नाराज सदस्य जल्द ही उपायुक्त को अविश्वास प्रस्ताव सौंपने वाले हैं। सूत्रों के अनुसार अविश्वास प्रस्ताव पर पंचायत समिति के दस सदस्यों ने हस्ताक्षर किए हैं। अविश्वास प्रस्ताव पर हस्ताक्षर करने वाले दस सदस्यों में से चार कांग्रेस समर्थक तथा छह भाजपा समर्थक बताए जा रहे हैं। नाराज सदस्य अगले सप्ताह तक उपायुक्त को अविश्वास प्रस्ताव की प्रति सौंप सकते हैं। इसके पश्चात पंचायत समिति की बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें अविश्वास प्रस्ताव पर फैसला होगा। प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के पश्चात जिला हमीरपुर में तख्ता पलट की पहली कवायद है। हालांकि कवायद का नेतृत्व निर्दलीय विधायक समर्थक कर रहे हैं।
वर्तमान में पंचायत समिति पर भाजपा का कब्जा है। समिति अध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थक प्रताप सड़याल बैठे हैं। वर्ष 2011 में अध्यक्ष चुनाव प्रक्रिया में प्रताप को 15 सदस्यीय समिति में 8 सदस्यों का समर्थन मिला था, जबकि प्रतिद्वंद्वी जोगिंद्र ठाकुर को सात सदस्यों का समर्थन मिला था। वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए अध्यक्ष के लिए कुर्सी बचाना मुश्किल हो सकता है। सदस्यों ने आरोप लगाया है कि वर्तमान अध्यक्ष समिति की बैठक में पारित प्रस्तावों पर कोई कार्रवाई नहीं करवा पाए हैं, सदस्यों द्वारा उठाए गए मुद्दों को भी हल करवाने में असफल रहे हैं। इसके चलते जनता की भावनाएं भी आहत हो रही हैं। पंचायत समिति सदस्यों को भी जवाब देना मुश्किल हो रहा है। इसी कारण सदस्यों का विश्वास नहीं रहा और अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने को मजबूर हुए हैं।

Related posts