सुजानपुर के डाकघर में नहीं मिल रहे परीक्षा फार्म

सुजानपुर (हमीरपुर)। छात्रों को परीक्षा फार्म हासिल करने के लिए सुजानपुर से हमीरपुर की दौड़ लगानी पड़ रही है। स्नातक कक्षाओं में प्राइवेट परीक्षार्थी के रूप में बैठने वाले परीक्षार्थियों को फार्म उपलब्ध नहीं हो रहे हैं। इस कारण छात्रों को समय के साथ ही आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। सुजानपुर के डाकघर में छात्रों को परीक्षा फार्म उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। इसके चलते परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों में रोष व्याप्त है। परीक्षा फार्म दुकानों में उपलब्ध करवाने की मांग की है। बताया जा रहा है कि एक बार परीक्षा फार्म आए थे, जो समाप्त हो गए हैं। उसके पश्चात फार्म आए ही नहीं हैं।
पूर्व में प्राइवेट परीक्षार्थियों को दुकानों पर आसानी से परीक्षा फार्म उपलब्ध हो जाते थे। लेकिन विवि प्रशासन ने व्यवस्था में परिवर्तन करते हुए केवल डाकघर से ही फार्म उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। इस कारण समस्या पेश आ रही है। छात्रों राहुल, रोहित, रमन, संजय, सुमना, सुषमा, सविता ने बताया कि प्राइवेट छात्रों को डाकघर में फार्म नहीं मिल रहे हैं। छात्रों को फार्म के लिए हमीरपुर का चक्कर लगाना पड़ रहा है। इससे समय और धन दोनों की बर्बादी हो रही है। विवि प्रशासन से मांग की कि या तो डाकघरों में पर्याप्त फार्म उपलब्ध करवाए जाएं या फिर पूर्व की व्यवस्था को पुन: लागू किया जाए।
इस संदर्भ में सुजानपुर डाकघर प्रभारी चमन लाल ने बताया कि 199 परीक्षा फार्म आए थे, जो समाप्त हो गए हैं। उसके पश्चात परीक्षा फार्म नहीं आए हैं।

Related posts