सुखविंद्र का ज्वालामुखी में भी भव्य स्वागत

ज्वालामुखी (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष सुखविन्द्र सिंह के ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र की सीमा भड़ोली पुल पर पहुंचने पर स्थानीय विधायक संजय रतन ने सैकड़ों समर्थकों संग उनका भव्य स्वागत किया। इस मौके पर समर्थकाें ने ढोल नगाड़ों व फूल मालाओं से अध्यक्ष का स्वागत किया। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने इस मौके पर कहा कि सरकार व संगठन को एकजुट करके कांग्रेस को प्रदेश में मजबूत करना उनका ध्येय है, इसके लिए वह प्रयासरत हैं।
लोकसभा चुनावों में बहुमत से कांग्रेस पार्टी की जीत होगी, इसके लिए वह पूरी तरह से आशावान हैं। यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी, उपाध्यक्ष राहुल गांधी व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी मजबूती से आगे बढ़ेगी, यह दावा भी उन्होंने किया। इसके लिए वह प्रदेश के हर जिले में पहुंचकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एकजुट करके कांग्रेस को मजबूत करने का पूरा प्रयास करेंगे। इस मौके पर ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष राजेन्द्र राणा, कार्यालय सचिव सत्यपाल शर्मा, कांग्रेसी नेता धर्मेंद्र शर्मा, दिव्यांशू भूषण, भवानी दत्त, वेनी माधव, अजय शर्मा, उदय शंकर, संदीप छोटेलाल, बबली शर्मा, युकां उपाध्यक्ष नीरज शर्मा, अश्वनी कुमार, सुरेन्द्र काकू, ज्ञानेश्वर दत्त, संजीव सूद, सचिन राणा, प्रियंक उनियाल, घनश्याम शास्त्री, रितेश शिशु, आदि कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

मारपीट को लेकर क्रास एफआईआर दर्ज
कंडवाल(कांगड़ा)। पुलिस थाना नूरपुर के तहत पुलिस चौकी कंडवाल में गांव बरंडा में रास्ता रोककर मारपीट करने का मामला दर्ज हुआ है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार युवराज सिंह पुत्र प्रीतम सिंह निवासी नागावाड़ी ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई की वह अपने किसी काम के लिए बारंडा गांव गया हुआ था। जब वहां से वापस लौट रहा था तो प्रभात सिंह तथा जगदेव सिंह निवासी बंरडा ने रास्ता रोककर उसके साथ मारपीट की। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर धारा 341, 323, 34 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरु कर दी है।
वहीं पुलिस चौकी कंडवाल में प्रभात सिंह पुत्र मथुरा सिंह निवासी बरंडा ने शिकायत दर्ज करवाई की युवराज सिंह, परम सिंह, गिरधारी लाल निवासी बरंडा ने उसका रास्ता रोककर मारपीट की। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत धारा 341, 323, 34 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरु कर दी है। चौकी प्रभारी एएसआई अवतार सिंह ने क्रास एफआईआर होने की पुष्टि की है।

जो अर्जुन सा जीवन जिए, प्रभु उसके पास
नूरपुुर (कांगड़ा)। उपमंडल नूरपुर की पंचायत जौंटा में साप्ताहिक श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन बड़ी धूमधाम से किया जा रहा है। यह कथा 14 मई से शुरू हुई है तथा इसका समापन 20 मई को किया जाएगा। कथा के छठे दिन जौंटा में भक्तोें को संबोधित करते हुए स्वामी लक्ष्मण दास महाराज ने बताया कि इनसान का शरीर संचालन कर प्रकाशित व्यवस्था एक जैसी है। लेकिन इसका गुजरने का ढंग अलग-अलग है और उसी ढंग के अनुसार फल प्राप्त होता है। स्वामी जी ने दुर्योधन तथा अर्जुन के जीवन का उदाहरण देते हुए कहा कि एक ढंग दुर्योधन का है और एक अर्जुन का। जो अर्जुन के अनुसार जीवन बिताए, प्रभु उसके पास रहते है और जो दुर्योधन जैसा जीवन बिताए, उनसे दूर रहते हैं।

Related posts