
मोहाली: उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने वीरवार को यहां पुलिस हैल्पलाइन नंबर-181 की शुरूआत की। इस हैल्पलाइन पर लोग नशे, गुंडागर्दी और भ्रष्टाचार को लेकर भी शिकायत दर्ज करवा सकेंगे। हैल्पलाइन पर संपर्क करने के लिए फोन के अलावा एस.एम.एस., फैक्स, ई-मेल और वैब-पोर्टल की भी सुविधा दी गई है। यह सुविधा 24 घंटे उपलब्ध रहेगी।
हैल्पलाइन का उद्घाटन करने के बाद बादल ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि महिलाएं, बच्चे बुजुर्गों के अलावा एन.आर.आई. भी अपनी समस्या के समाधान के लिए इस हैल्पलाइन का उपयोग कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसी हैल्पलाइन शुरू करने वाला पंजाब देश का पहला प्रदेश बन गया है। इस हैल्पलाइन से लोगों को समय रहते पुलिस की मदद मिलेगी।
पंजाब पुलिस कॉल सैंटर बना मोहाली में
पंजाब के डी.जी.पी. सुमेध सिंह सैनी ने इस मौके पर बताया कि पुलिस हैल्पलाइन के लिए 20 सीटों वाला पंजाब पुलिस कॉल सैंटर मोहाली में स्थापित किया गया है। उन्होंने बताया कि इस हैल्पलाइन के जरिए महिलाओं, बच्चों, सीनियर सिटीजन और एन.आर.आई. की समस्याओं के हल के लिए पेशेवर काऊंसलरों व मनोवैज्ञानिकों की सेवाएं भी 24 घंटे मुहैया करवाई जाएंगी।
शिकायतकत्र्ता की पहचान रहेगी गुप्त
इस मौके पर मौजूद ए.डी.जी.पी. (कानून-व्यवस्था) दिनकर गुप्ता ने बताया कि इस हैल्पलाइन पर गुंडागर्दी, ट्रैफिक नियमों की उल्लंघना और छेड़छाड़ के मामलों में भी शिकायत दी जा सकेगी, जिस पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। शिकायतकत्र्ता की पहचान गुप्त रखी जाएगी, ताकि लोग सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जानकारी देने के लिए आगे आने में हिचकिचाएं नहीं। इस हैल्पलाइन पर फोन के जरिए 181 नंबर डायल करके, एस.एम.एस. के जरिए 7696-181-181, फैक्स के जरिए 0172-6626181 नंबर के अलावा ई-मेल और पोर्टल से भी संपर्क किया जा सकता है।
शिकायतकत्र्ता की आवाज होगी रिकॉर्ड
हैल्पलाइन का दुरुपयोग रोकने के लिए हैल्पलाइन पर आने वाले सभी कॉल्स को रिकॉर्ड किया जाएगा। विदेश से फोन करने के समय 0091-172-2298543 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।
एन.आर.आई. के लिए पंजाब पुलिस हैडक्वार्टर बदला
आई.जी.पी., एन.आर.आई. मामलों का दफ्तर ,जोकि पंजाब पुलिस हैड क्वार्टर सैक्टर-9 चंडीगढ़ में था, को अब मोहाली में इंडीपैंडैंट विंग के तौर पर आई.जी. स्तर के अधिकारी के अधीन स्थापित किया गया है। आई.जी.पी., एन.आर.आई. और महिला विंग के साथ डी.आई.जी., एन.आर.आई., महिला विंग के अलावा एस.पी. और डी.एस.पी. की टीम काम करेगी।
एन.आर.आई. पुलिस थाने जालंधर, अमृतसर, लुधियाना, लुधियाना देहात, मोगा, कपूरथला, होशियारपुर और नवांशहर अब एन.आर.आई. और महिला विंग की सीधी निगरानी में काम करेंगे। पुलिस हैल्पलाइन शुरू किए जाने के मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री बलवंत सिंह रामूवालिया, शिरोमणि अकाली दल के महासचिव रमनदीप सिंह भरोवाल, जतिंद्रपाल सिंह, एस.एस.पी. गुरप्रीत सिंह भुल्लर भी उपस्थित थे।
