
सुंदरनगर (मंडी)। नगर परिषद के भोजपुर और अंबेडकर नगर वार्ड में चार-पांच दिन से पेयजल की नियमित आपूर्ति न होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पानी न आने से सबसे अधिक परेशानी अभिभावकों को स्कूल जाने वाले बच्चों को सुबह के समय तैयार करने में आ रही है। वहीं, पीने योग्य पानी लाने के लिए उन्हें प्राकृतिक स्रोतों पर निर्भर होना पड़ रहा है। इस कारण लोगों में रोष है। सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि पानी की आपूर्ति जुगाहन स्थित मेन पंप हाउस पर बिजली की वोल्टेज न होने से बाधित हो रही है। पानी मुख्य टैंक तक लिफ्ट नहीं हो पा रहा है।
गर्मी का मौसम आते ही सुंदरनगर शहर में पेयजल संकट गहराने लगा है। सोमवार से शहर के भोजपुर बाजार और अंबेडकर नगर सहित आसपास के वार्डों में पानी की नियमित आपूर्ति नहीं हो पा रही है। इस कारण लोगों में पानी के लिए हाहाकार मचना आरंभ हो गया है। स्थानीय लोग पेयजल संकट के लिए आईपीएच विभाग को जिम्मेवार बता रहे हैं, जबकि आईपीएच विभाग का कहना है कि जुगाहन में जहां पर विभाग ने नलकूप लगा रखे हैं वहां पर पिछले कई दिनों से वोल्टेज की समस्या है। इस कारण पानी तरयाम्बड़ धार स्थित मुख्य टैंक तक लिफ्ट नहीं हो पा रहा है। सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के यहां पर तैनात अधिशासी अभियंता धर्मेंद्र गिल ने बताया कि लो वोल्टेज की समस्या का मामला बिजली बोर्ड के उच्च अधिकारियों से उठाया गया है। जिन्होंने समस्या के समाधान के लिए युद्ध स्तर पर काम आरंभ कर दिया है। वे स्वयं भी मौके हो रहे कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने आश्वस्त किया है कि देर शाम तक पेयजल की आपूर्ति की व्यवस्था को दुरुस्त कर दिया जाएगा।
