
सुंदरनगर (मंडी)। राष्ट्रीय उच्च मार्ग के किनारे सरकारी भूमि पर कुंडली जमाए बैठे लोगों से कब्जा छुड़ाने के लिए कवायद शुरू हो गई है। राजस्व विभाग के चार सदस्यीय दल को प्रथम चरण में भोजपुर स्थित सिनेमा चौक से लेकर पुराना बस अड्डा तक क्षेत्र में निशानदेही करने के लिए प्रशासन ने आदेश दिए हैं। वीरवार को निशानदेही के पहले दिन सिनेमा चौक से लेकर गोपाल मंदिर की गली तक हुई निशानदेही में दर्जनों कब्जे होने की बात सामने आई है। यहां पर पांच फीट से लेकर 15 फीट तक लोगों का सरकारी जमीन पर कब्जा होना पाया गया है। राजस्व विभाग ने निशानदेही के बाद जहां तक कब्जे पाए गए हैं, वहां तक निशान लगा दिए हैं। प्रशासन की कवायद से कब्जाधारियों में खलबली मच गई है।
सुंदरनगर शहर में राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर बढ़ते यातायात दबाव के कारण राहगीरों व स्कूली बच्चों को सड़क पर चलना मुश्किल हो गया है। इससे ड़क पर दुर्घटना का भय बना रहता है। बच्चों को आवागमन में हो रही परेशानी को देखते हुए उपमंडलाधिकारी (ना.) एचएस राणा ने उन्हें सुरक्षित राह उपलब्ध करवाने के लिए पहल की है। इसके तहत सबसे पहले सिनेमा चौक से पुराना बस अड्डा तक हाइवे के किनारे की भूमि पर कब्जाधारियों से सरकारी जमीन खाली करवाई जाएगी जिससे इस तरफ से बच्चों को सुरक्षित आवागमन उपलब्ध हो सके।
वीरवार को पहले दिन राजस्व विभाग की टीम ने दो दर्जन से अधिक कब्जे चिह्नित किए। शुक्रवार को भी निशानदेही का काम जारी रहेगा।
उपमंडलाधिकारी (ना.) एचएस राणा ने बताया वीरवार को पहले दिन हुई निशानदेही में अधिकतर लोगों के सरकारी भूमि पर कब्जे होने का बात सामने आ गई है। शुक्रवार को निशानदेही का काम पूरा होने के उपरांत कब्जों को छुड़ाने के लिए आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
