सुंडली के महासू देवता मंदिर में चोरी

जुब्बल (शिमला)। तहसील मुख्यालय से करीब तीन किलोमीटर की दूरी पर सुंडली गांव के महासू मंदिर में चोरों ने मूर्ति और चांदी का सामान उड़ा लिया। ग्रामीणों की सूचना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। चोरों का सुराग तलाशने के लिए पुलिस की टीम पड़ताल में जुट गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सुंडली गांव के लोगों ने पुलिस थाना जुब्बल में सूचना दी कि उनके महासू देवता मंदिर से चोर सामान उड़ा ले गए हैं। पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंच कर मंदिर से चोरी हुए सामान की सूचना तैयार की है। पुलिस को पता चला कि मंदिर से चांदी के छत्र सहित अष्ट धातु की बहुमूल्य मूर्ती भी गायब है। घटना वाली रात करीब बारह बजे तक एक कार्यक्रम के दौरान लोग आसपास के घरों में नहीं सोए थे। उसके बाद चोरों ने मंदिर में हाथ साफ किए हैं। डीएसपी राजकुमार चंदेल ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि मंदिर से कुछ चांदी और एक अष्ट धातु की मूर्ति चोरी हुई है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच के लिए पुलिस की टीम लगातार कार्य कर रही है।

पब्बर नदी में मजदूर बहा
कपड़े धोते समय फिसला पैर
जुब्बल (शिमला)। सावड़ा के समीप रविवार सुबह पब्बर नदी के तट पर कपड़े धोते समय एक मजदूर पानी में बह गया। मजदूर की तलाश में पुलिस और आसपास के लोग दिनभर जुटे रहे, लेकिन उसका कोई अतापता नहीं चल पाया।
सरस्वती नगर पंचायत के प्रधान जोगिंद्र चांजटा ने बताया कि रविवार सुबह करीब ग्यारह बजे एक दुकान में काम करने वाला मजदूर पब्बर नदी के तट पर कपड़े धो रहा था। अचानक पांव फिसलने से मजदूर नदी के तेज बहाव में बह गया। उन्होंने कहा कि मजदूर को पानी में बहता देख कर उसे बचाने की कोशिश के लिए शोर मचाया गया, लेकिन तब तक मजदूर पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गया था। उन्होंने बताया कि मजदूर की तलाश में बाजार के लोग और पुलिस के जवान नदी के तट पर जुटे हुए हैं। डीएसपी राजकुमार चंदेल ने बताया कि नदी में बहे मजदूर का अभी तक पता नहीं चला है। उन्होंने कहा कि मजदूर की तलाश के लिए पुलिस के जवान नदी तट पर तलाश कर रहे हैं। मजदूर उत्तर प्रदेश का रहने वाला बताया जा रहा है।

Related posts