
न्यूयार्क : संयुक्त राष्ट्र महासभा के 68वें सत्र के इतर ब्रिक्स देशों के विदेश मंत्रियों ने यहां पर मुलाकात की। ब्रिक्स देशों में ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका शामिल हैं। उन्होंने सीरिया में हिंसा, मध्य-पूर्व में शांति प्रक्रिया और साइबर सुरक्षा आदि मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने सीरिया में जारी हिंसा पर गहरी चिंता जताते हुए इस मसले के शांतिपूर्ण हल की अपील की। उन्होंने सीरिया में सभी पक्षों से तुरंत युद्धविराम लागू करने और मानवाधिकारों का उल्लंघन रोकने के लिए कहा।
सीरिया में रासायनिक हथियारों के इस्तेमाल की कड़ी निंदा करते हुए ब्रिक्स देशों के मंत्रियों ने कहा कि जनसंहार के इन हथियारों का उपयोग किसी भी तरह के हालात में नहीं किया जाना चाहिए। ब्रिक्स देशों ने सीरिया मसले के शांतिपूर्ण हल के संबंध में हाल ही में हुई प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने सीरियाई रासायनिक हथियारों के खात्मे को लेकर रूस और अमरीका में हुए समझौते का भी स्वागत किया। उन्होंने कहा कि सीरिया मसले का हल बल प्रयोग द्वारा नहीं बल्कि कूटनीति से ही निकाला जा सकता है। ब्रिक्स देशों के मंत्रियों ने इसराईल और फिलस्तीन में बातचीत शुरू होने का भी स्वागत किया। उन्होंने कहा कि मध्य-पूर्व में शांति के लिए इन दोनों देशों के बीच विवाद का खत्म होना जरूरी है। इसके बिना स्थायी रूप से अमन की कामना नहीं की जा सकती। इस बीच ब्रिक्स देशों ने साइबर सुरक्षा के मसले पर भी चर्चा की। उन्होंने सरकारी और निजी संस्थानों को हैकरों द्वारा निशाना बनाए जाने पर चिंता व्यक्त की।
