
कुल्लू। प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के कुल्लू-मनाली के दौरे को लेकर जिलावासियों को बड़ी उम्मीदें हैं। कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद मुख्यमंत्री बने वीरभद्र सिंह का यह चौथा दौरा है। उद्घाटन समारोह के लिए मुख्यमंत्री बुधवार को दिल्ली से सीधे कुल्लू पहुंचे। अब जिलावासियों की नजरें दो जनवरी को मनाली में होने वाले विंटर कार्निवाल के उद्घाटन पर टिकी हैं कि यहां सीएम क्या बोलते हैं। खास कर सरकार बने एक साल हो गया है और कुल्लू की झोली अभी भी मंत्री पद से खाली है। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री से किसी बड़ी घोषण की भी आस रहेगी। उधर, दो से छह जनवरी तक चलने वाले इस पांच दिवसीय शरदोत्सव को लेकर जिला प्रशासन ने तमाम तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। मनाली के मॉल को रंग-बिरंगी लाइटों से दुल्हन की तरह सजाया गया है। डीसी कुल्लू राकेश कंवर तथा एसडीएम मनाली विनय धीमान ने कहा कि वीरवार सुबह कार्निवाल का विधिवत शुभारंभ मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह करेंगे।
