
कुल्लू। भाजपा के कुल्लू से चुनाव प्रभारी रविंद्र सिंह रवि ने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह किन्नौर में हुई तबाही की समीक्षा बैठक करने किन्नौर गए हैं। किन्नौर में बहुत बड़ी त्रासदी हुई है। इस पर वे दुख प्रकट करते हैं। पत्रकारों से बातचीत में रविंद्र सिंह रवि ने कहा कि वीरभद्र सिंह कहीं प्रलोभन देकर मतदाताओं को लुभाने का प्रयास न करें, इस पर चुनाव आयोग को विशेष नजर रखनी चाहिए।
रविंद्र सिंह रवि ने आरोप लगाया कि धन बल के प्रयोग से कांग्रेसी मतदाताओं को लुभाने का प्रयास कर रही है। रविंद्र रवि ने कहा कि कांग्रेस ने भाजपा के शासनकाल में शुरू हुए विकास कार्य बंद कर दिए हैं। वीरभद्र सिंह ने बतौर सांसद और केंद्रीय मंत्री रहते हुए मंडी क्षेत्र के लिए कुछ नहीं किया। इस दौरान रविंद्र रवि ने महेश्वर सिंह पर भी निशाना साधा। कहा कि महेश्वर सिंह बताएं की जिस पार्टी ने उन्हें विधायक और सांसद बनाया, आज वे उस पार्टी का विरोध कर कांग्रेस का समर्थन क्यों कर रहे हैं? रविंद्र सिंह रवि ने कहा कि स्की विलेज का विरोध करने वाले महेश्वर सिंह इस मुद्दे पर अब चुप क्यों बैठें हैं? उन्होंने कहा कि भाजपा ने स्की विलेज का विरोध स्थानीय जनता की राय पर किया था। कहा कि कांग्रेस सरकार बताए कि उन्होंने स्की विलेज का मामला कोर्ट से वापस क्यों लिया? रविंद्र सिंह रवि ने कहा कि लोकसभा उपचुनाव में पार्टी के रुष्ट लोगों को भी मनाने का प्रयास किया है। इस मौके पर नालागढ़ के विधायक केएल सूद, जिला महामंत्री प्रताप ठाकुर, चंद्र भूषण नाग, अरविंद सूद और मीडिया प्रभारी जोगिंद्र शुक्ला मौजूद रहे।
