सीएचटी, बीडीओ न करें मिड डे मील का निरीक्षण

कुल्लू। मुख्याध्यापक संवर्ग अधिकारी संघ जिला कुल्लू ने केंद्रीय मुख्य शिक्षक और खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी द्वारा स्कूलों में मिड डे मील से संबंधी निरीक्षण करने का विरोध किया है। कार्यकारिणी के प्रदेश वरिष्ठ उपप्रधान सुरेंद्र परमार, जिला प्रधान फतेह सिंह ठाकुर और महासचिव अशोक शर्मा ने कहा कि केंद्रीय मुख्य शिक्षकों और खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी को केवल प्राथमिक स्कूलों में मिड डे मिल के जांच की बागडोर सौंपी जाए।
उच्च विद्यालयों और वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों में मिड डे मिल संबंधी कार्य के निरीक्षण के लिए मुख्याध्यापकों और प्रधानाचार्यों की एक कमेटी गठित की जाए। इसी कमेटी को इसकी जिम्मेदारी सौंपी जाए। संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि कुछ स्कूलों में खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी और केंद्रीय मुख्य शिक्षक मिड डे मील से संबंधी कार्यों का निरीक्षण कर रहे हैं यह ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि इसका मुख्य अध्यापक संवर्ग अधिकारी संघ विरोध करता है। संघ ने उच्च एवं वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों के निरीक्षक के लिए मुख्याध्यापकों और प्रधानाचार्यों की कमेटी गठित करने की मांग की है।

Related posts