
जम्मू
जम्मू-कश्मीर में आतंकियों ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के दल पर हमला किया है। हमले में घायल जवान ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सुरक्षाबलों ने हमले के बाद इलाके को सील कर दिया है।
मध्य कश्मीर के बडगाम जिले के चामोरा के केसरमुल्ला इलाके में आतंकियों ने सीआरपीएफ के गश्ती दल को निशाना बनाया। इस दौरान केंद्रीय रिजर्व पुलिस के एक सहायक उप-निरीक्षक घायल हो गए।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि केसरमुल्ला में सीआरपीएफ पार्टी के 117 बीएन पर आतंकवादियों ने हमला किया, जिसमें सीआरपीएफ के एक एएसआई यानी एनयू बडोले घायल हो गए। मौके से भागने से पहले आतंकियों ने एएसआई से एक एके -47 राइफल और एक मैगजीन छीनने में भी कामयाबी हासिल की।
घायल अधिकारी को 92 बेस अस्पताल में रेफर किया गया, जहां उन्होंने ज्यादा खून बहने पर दम तोड़ दिया। इस बीच पूरे क्षेत्र में हमलावरों की तलाश की जा रही है।
त्राल में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ जारी, एक आतंकी ढेर
वहीं दूसरी ओर, जम्मू कश्मीर में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में एक आतंकी को मार गिराने में कामयाबी पाई है। सुरक्षाबलों ने मौके से हथियार और गोला बारूद बरामद किया है। फिलहाल इलाके में तलाशी अभियान जारी है।
खुफिया एजेंसी को सूचना मिली थी कि अवंतीपोरा के त्राल इलाके के मचामा में आतंकी छिपे हैं, सूचना मिलते ही जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षाबलों ने इलाके को घेर लिया।
आतंकियों ने खुद को घिरा देख सुरक्षाबलों पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने एक आतंकी मार गिराने में सफलता हासिल की है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि गोलीबारी में मारे गए आतंकवादी की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस और सेना की 42 आरआर की संयुक्त टीम ने तलाशी अभियान चला रखा है।
कश्मीर जोन पुलिस ने बताया कि मौके से हथियार और गोला बारूद बरामद किया गया है। अभी भी आतंकियों की तलाश जारी है।
पुलवामा में सैन्य वाहन पर आतंकियों ने दागीं गोलियां, कोई नुकसान नहीं
इससे पहले सुरक्षा बलों ने बुधवार दोपहर सैनिकों को ले जा रहे एक वाहन पर पुलवामा में फायरिंग की और भाग निकले। इस हमले में किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ है। हमले के बाद इलाके की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। हमलावरों की तलाश की गई।
सूत्रों के अनुसार, पुलवामा जिले के चटपोरा फायर स्टेशन के पास आतंकियों ने हमला उस समय किया गया जब सुरक्षा बल एक वाहन में जा रहे थे। पिछले कुछ दिनों से घाटी में आतंकी सुरक्षाबलों पर हिट एंड रन रणनीति के तहत हमला कर रहे हैं। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने सतर्कता बढ़ा दी है।
