सिहुंता के डिपुओं से तेल गायब,500 उपभोक्ता परेशान

सिहुंता (चंबा)। भटियात उपमंडल के करीब एक दर्जन डिपुओं में सरसों तेल की सप्लाई नहीं पहुंची है। इस कारण करीब 500 उपभोक्ताओं को दुकानों से महंगे दाम पर तेल खरीदना पड़ रहा है। भटियात उपमंडल में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के कुल 25 डिपो हैं। इनमें लगभग आठ हजार राशनकार्ड धारक हैं। इनमें से करीब एक दर्जन डिपुओं में इस माह का सरसों तेल का कोटा नहीं पहुंचा है। स्थानीय उपभोक्ता चमन सिंह, बलदेव, प्रताप सिंह, जगदेव, सुभाष कुमार, बलवंत सिंह, अजय कुमार ने बताया कि वे रोज रोज डिपो के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें तेल नहीं मिल रहा है। उन्होंने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग से मांग की है कि डिपुओं में तेल का कोटा जारी किया जाए। इससे उपभोक्ताओं को काफी सुविधा मिलेगी। उधर, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के जिला नियंत्रक मोहन सिंह ने बताया कि समस्या उनके ध्यान में नहीं है। अगर ऐसा है तो जल्द सप्लाई दे दी जाएगी।

Related posts