
देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। देहरा बस स्टैंड के निकट वार्ड नंबर सात को जोड़ने वाली सड़क की पुलिया के धंसने से सबसे ज्यादा परेशानी सिविल सप्लाई कारपोरेशन के गोदाम के अधिकारियों को हो रही है। एकमात्र रास्ते की पुलिया धंसने से गोदाम में राशन उतारने आए दो ट्रक भी फंस गए हैं। साथ ही गोदाम में रखा हजारों क्विंटल राशन भी डंप होकर रह गया है। इससे क्षेत्र में डिपुओं में राशन की सप्लाई प्रभावित हो सकती है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सिविल सप्लाई कारपोरेशन के डीएम भी टीम के साथ देहरा पहुंच गए। टीम के सदस्य एसडीएम देहरा से मिले तथा शहर के आसपास गोदाम की व्यवस्था करवाने की मांग की। उन्हें स्थिति से अवगत करवाया। इसके अलावा देहरा स्थित गोदाम में आने वाले राशन को ढलियारा और नगरोटा सूरियां स्थित गोदामों में भेजने पर भी विचार चल रहा है। माना जा रहा है कि शीघ्र ही गोदाम में रखे राशन को अन्यत्र शिफ्ट नहीं किया गया तो बरसात के मौसम में इसके खराब होने की संभावना बढ़ जाएगी क्योंकि अगले चार-पांच माह तक पुलिया का पुनर्निर्माण नहीं हो पाएगा। इससे वाहनों के लिए रास्ता बंद रहने की संभावना है। हालांकि, नगर पंचायत भी गोदाम में रखे राशन के स्टॉक को बाहर निकालने के लिए स्थानीय लोगों से बात कर रही है क्योंकि अब खेतों से ही अस्थायी सड़क बनाई जा सकती है लेकिन फिलहाल ऐसा होता संभव नहीं दिख रहा। नगर पंचायत देहरा के उपाध्यक्ष सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि उनसे सिविल सप्लाई के अधिकारियों नेे नया रास्ता बनाने का उपाय खोजने की बात की है। लोगों से बातचीत जारी है। समस्या के लिए हरसंभव प्रयास जारी हैं।
सिविल सप्लाई कारपोरेशन के डीएम राकेश चड्ढा ने बताया कि गोदाम में रखे सामान के स्टॉक को अन्यत्र शिफ्ट कर दिया जाएगा। नपं ने आश्वासन दिया है कि जीप योग्य अस्थायी रास्ता निकालने के प्रयास जारी हैं।
