सिर पर लाठी से वार कर किया लहूलुहान

अंब (ऊना)। पैसों के लेन देन को लेकर हुए विवाद में तीन युवकों ने मिलकर एक युवक पर लाठी से वार कर उसे लहूलुहान कर दिया। उसे घायलावस्था में नजदीकी अस्पताल में उपचारधीन करवाया गया है। वारदात देर रात अंब उपमंडल के अंदौरा मार्ग पर हुई। वारदात के बाद तीनों युवक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामले के संदर्भ में पीड़ित युवक के बयान दर्ज कर लिए हैं, जबकि मामले की आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ऋषि कुमार पुत्र मदन लाल निवासी अंदौरा ने अंब में शिकायत दर्ज करवाई कि वीरवार रात को वह अपने भाई शिव कुमार के साथ गाड़ी में घर जा रहा था। कि अंदौरा मार्ग स्थित शराब के ठेके के पास आरोपी विशाल कुमार ने अपने दो अन्य दोस्ताें साथ उसकी गाड़ी को रोक दिया। जैसे ही उसने गाड़ी रोकी, विशाल एवं उसके दोस्ताें ने लाठियाें से उसके के सिर पर वार कर दिए, जिससे वह मौके पर लहूलुहान हो गया। जब तक वह संभल पाता, तीनों मौके से फरार हो गए। ऋषि की मानें तो उसने विशाल से दस हजार रुपये उधार लिए थे। इसमें से सात हजार रुपये उसने लौटा दिए थे और तीन हजार रुपये उसने कुछ समय बाद देने का वादा किया है। उधर, अंब थाने के एसएचओ ओम प्रकाश ने बताया कि पीड़ित युवक की शिकायत के आधार पर तीन युवकों को नामजद कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ धारा 341, 323, 34 आईपीसी के तहत केस दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी गई है।

Related posts