
बड़सर(हमीरपुर)। उपमंडल सिरहाली खड्ड में अवैध खनन काफी जोरों पर है। सरकार ने खड्ड में खनन कार्य पर रोक लगाई है । इसके बावजूद खनन कार्य बेरोकटोक हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि ट्रैक्टर चालक खड्ड में पेयजल योजना के पास से रेता बजरी उठा रहे हैं। खनन कार्य से जलस्तर नीचे जाने से पेयजल योजना पर भी असर पड़ रहा है। गैलरी में पानी की कमी बनने लगी है। ग्रामीणों ने खनन कार्य को रोकने की मांग की है।
सिरहाली खड्ड किनारे मसलाना, दरकोटी, मसलाना खुर्द, गंदक, हरसौर, भालत, लोहाणी, सहित अन्य कई गांवों की मलकीयत भूमि है। इसके साथ बणी बड़सर गारली, 99 दियोटसिद्ध पेयजल योजना तथा जुब्बल खैरियां पेयजल के लिए पानी उठाया जा रहा है। ग्रामीणों राकेश कुमार, विजय कुमार, देश राज, रवि कुमार, पुरुषोत्तम चंद , निक्का राम, जाति राम, प्रेम चंद, नरेश कुमार का कहना है कि खड्ड में अवैध खनन जोरों पर चला हुआ है। कुछ लोग खड्ड में रेता बजरी के खनन कार्य में लगे हुए हैं जबकि खड्ड में खनन पर प्रतिबंध है। उन्होंने खनन की शिकायत की। इसके बावजूद मजदूर मनमानी से खनन कार्य में लगे हुए हैं। उन्होंने बताया कि ट्रैक्टर चालकों ने खड्ड किनारे रेता बजरी के ढेर लगाए हुए हैं। भूमि कटाव होने से मलकीयत भूमि खड्ड में बह रही है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि खड्ड में हो रहे खनन कार्य पर अंकुश लगाया जाए तथा खनन कार्य में लगे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
एसडीएम बड़सर अक्षय सूद का कहना है कि सिरहाली खड्ड में खनन कार्य पर रोक है। उन्होंने कहा कि अवैध खनन करने बालों के खिलाफ शिकंजा कसा जाएगा।
