सियासी जंग में जमीन बनी मुद्दा

कुल्लू। मंडी लोकसभा उपचुनाव में इस बार स्की विलेज का मुद्दा भी खूब उछाला जा रहा है। इसके अलावा दोनों दल भ्रष्टाचार और हिमाचल की भूमि को बेचने को लेकर एक दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। भाजपा की जनसभाओं में भाजपा के वक्ता कांग्रेस पर स्की विलेज को लेकर प्रदेश को विदेशियों को बेचने के आरोप लगा रहे हैं। भाजपा नेताओं का कहना है कि स्की विलेज का विरोध कुल्लू के देव समाज ने किया था और इसी के चलते भाजपा ने स्की विलेज पर रोक लगाई थी। मामला कोर्ट में विचाराधीन था, लेकिन कांग्रेस सरकार ने केस वापस लेकर लोगों पर कुठाराघात किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा स्की विलेज का विरोध करेगी। इसके अलावा मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह भाजपा पर प्रदेश की भूमि को बेचने का आरोप लगा रहे हैं। वीरभद्र सिंह कह रहे हैं कि भाजपा ने विश्व विद्यालयों के नाम पर प्रदेश की जमीन बाहर के लोगों को बेच दी। इसके अलावा देवी देवता कारदार संघ के अध्यक्ष दोत्तराम ने भी भाजपा पर स्की विलेज के नाम पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया है। परिवहन मंत्री जीएस बाली ने कहा कि भाजपा झूठ पर झूठ बोलकर लोगों को गुमराह कर रही है। अब न फोर्ड भारत में है और न ही कोई स्की विलेज बन रहा है। यदि स्की विलेज बन रहा है तो भाजपा इसके कागजात पेश करें।

रूठे वापस आना चाहें तो उनका स्वागत
कुल्लू। भाजपा प्रत्याशी जय राम ठाकुर अपनी सभाओं में भाजपा से रूठे लोगों को मनाने की बात कर रहे हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि जो लोग गुस्से में भाजपा को छोड़कर चले गए थे, यदि वे वापस आते हैं, तो उनका भी स्वागत किया जाएगा। कहा कि मैं किसी व्यक्ति विशेष का नाम नहीं लेना चाहता लेकिन बातों ही बातों में उन्होंने हिलोपा की ओर इशारा किया। जय राम ठाकुर अपनी सभाओं में भाजपा का विरोध कर रही हिलोपा पर कोई प्रहार नहीं कर रहे हैं।

Related posts