
कुल्लू(भाग सिंह)साहस और रोमांच ने इन्हें रोजगार की ओर मोड़ दिया। अब ये नौकरी के पीछे नहीं दौड़ते। हौसले की उड़ान को इन्होंने स्वरोजगार की राह दे दी। कुल्लू और मनाली के सैकड़ों युवा साहसिक खेलों से पर्यटकों का मनोरंजन कर खूब कमाई कर रहे हैं। युवा महीने में 15 से 20 रुपये कमा लेते हैं। कुल्लू-मनाली में पर्यटक राफ्टिंग, पैराग्लाइडिंग, स्कीइंग, स्नो स्कूटर, रिवर क्रासिंग और रॉक क्लाइमिंग समेत अन्य कई साहसिक खेलों का आनंद लेते हैं। इन साहसिक खेलों से कुल्लू-मनाली के अलावा प्रदेश के अन्य जिलों के भी हजारों युवा रोमांच के साथ अच्छी आमदनी भी कमा रहे हैं।
अकेले राफ्टिंग के कारोबार से कुल्लू जिले में करीब 300 से ज्यादा युवा जुड़े हुए हैं। इसके अलावा स्कीइंग, स्नो स्कूटर, रिवर क्रासिंग और रॉक क्लाइमिंग समेत अन्य गतिविधियों से भी युवा रोजगार हासिल कर रहे हैं। पैराग्लाइडिंग करवाने वाले अमर ठाकुर, हरीश ठाकुर, दुर्गा दास, तारा चंद और मेघ सिंह, राफ्टिंग करवाने वाले गिमनर सिंह, जोगिंद्र खरवाल, प्रकाश सिंह, प्रवीण राणा, स्कीइंग से जुड़े टेक सिंह, तेज सिंह, रूप चंद, गुप्त राम और स्नो स्कूटर पर पर्यटकों को वादियों की सैर करवाने वाले भूमि चंद, इंद्र ठाकुर, कमलकांत, यश ठाकुर, जीत राम ने बताया कि साहसिक खेलों ने उन्हें स्वरोजगार का जरिया प्रदान किया है। साहसिक खेलों में रोमांच के साथ-साथ अच्छी खासी आमदनी भी कमा रहे हैं।
—
साहसिक खेलों को बढ़ावा देने के होंगे प्रयास
जिला पर्यटन अधिकारी अश्वनी कुमार ने बताया कि साहसिक खेलें स्वरोजगार का जरिया भी बन रही हैं। विभाग कोशिश कर रहा है कि पर्यटकों को हर प्रकार की सुविधा यहां मिले। कुल्लू तथा मनाली की ओर पर्यटकों को आकर्षित करने में साहसिक खेलें भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
