
नादौन (हमीरपुर)। साहब के चालकों को किसी का डर नहीं है। जहां मन करे, साहिबगिरी शुरू कर देते हैं। एक सरकारी विभाग के चालक को हवालात की सैर करनी पड़ी है। चालक शराब पीकर भरमोटी में दुकानदारों से गाली गलौच पर उतारू हो गया। सूचना स्थानीय दुकानदारों ने पुलिस को दी। इसके चलते पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चालक को हिरासत में लिया।
भरमोटी में एनएच किनारे टायर रिमोल्डिंग का काम करने वाले विकास कुमार का कहना है कि सोमवार शाम करीब सवा सात बजे दुकान में था। इतने में एक सरकारी गाड़ी दुकान के बाहर आकर रुकी और यहां चालक ने जोर जोर से गाड़ी से धुंआ निकालना शुरू कर दिया। दुकान में धुआं घुस आया। दुकानदार ने चालक को गाड़ी थोड़ा आगे करने को कहा लेकिन गाड़ी का चालक दुकानदार पर उल्टा रौब जमाना शुरू कर दिया और गाली गलौच शुरू कर दी।
आसपास के दुकानदार एकत्रित हो गए और चालक को समझाने की कोशिश की लेकिन चालक नशे में धुत्त था कि वह सीधा खड़ा तक नहीं हो पा रहा था। सूचना दुकानदारों ने नादौन पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सरकारी गाड़ी के चालक को धारा 107(51) के तहत हिरासत में ले लिया। वहीं पुलिस अधीक्षक जगत राम का कहना है कि पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
उधर, बाल विकास परियोजना अधिकारी सरिता शर्मा का कहना है कि वह छुट्टी पर हैं। कार्यालय से मिली सूचना के अनुसार उच्चाधिकारियों को घटना बारे अवगत करवा दिया गया है।
