सास-ससुर प्रताडऩा के शिकार, पहुंचे एसपी के द्वार

शिमला: सास-ससुर ने अपनी बहू पर प्रताडऩा का आरोप लगाया है और प्रताडऩा से बचाव के लिए पुलिस अधीक्षक शिमला से गुहार लगाई है। राजधानी के फागली में रहने वाली भूमा देवी ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है जिसमें आरोप लगाया गया है कि कांगड़ा जयसिंहपुर के हारदी गांव में रह रही उनकी बहू बीते लंबे समय से उन्हें प्रताडि़त कर रही है। यही नहीं, हर दिन उन्हें फोन पर धमकियां देने के साथ ही भद्दी-भद्दी गालियां भी दे रही है।

फागली में रह रही भूमा देवी ने बताया कि बीते कुछ समय पूर्व भी उसकी बहू ने उन्हें अपने ही घर में प्रवेश करने से रोक दिया। आखिर उन्हें अपने घर में पुलिस की मदद से प्रवेश करना पड़ा। पुलिस अधीक्षक को लिखे शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया है कि इस संबंध में बाकायदा 7 फरवरी, 2013 को थाना बालूगंज में शिकायत की गई थी मगर इस शिकायत पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है।

अश्लील गालियों की सीडी भी की सुपुर्द
भूमा देवी ने पुलिस अधीक्षक को सौंपे गए शिकायत पत्र के साथ एक सीडी भी सौंपी है। इस सीडी में भद्दी-भद्दी गालियां सुनाई दे रही हैं। हालांकि यह सब फोरैंसिक रिपोर्ट के बाद ही पता चलेगा कि आखिर सीडी में भद्दी गालियां देने वाला कौन है।

महिला आयोग में भी कर चुके हैं शिकायत
भूमा देवी ने बताया कि वे प्रताडि़त किए जाने को लेकर बाकायदा महिला आयोग में भी शिकायत कर चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला आयोग ने भी इस मामले में अभी तक कुछ नहीं किया है।

दहेज प्रताडऩा के आरोप में अंदर करने की धमकी
भूमा देवी और उसके पति ने आरोप लगाया है कि उनकी बहू उन्हें धमकियां दे रही है कि वह उन्हें दहेज के आरोप में जेल भिजवाएगी। ऐसी धमकियां कई बार दिए जाने का आरोप उन्होंने लगाया है।

फागली निवासी भूमा देवी ने अपने बहू के खिलाफ धमकियां और गालियां देने की शिकायत की है। इस संबंध में थाना बालूगंज प्रभारी को जांच करने को कहा है। जांच के बाद ही सारे तथ्य सामने आ सकेंगे।
अभिषेक दुल्लर, पुलिस अधीक्षक

Related posts