
नई दिल्ली। मालवीय नगर थाना पुलिस ने बुजुर्ग महिला की हत्या की गुत्थी को सुलझाने का दावा करते हुए महिला की बहू को गिरफ्तार किया है। मामूली बात पर गुस्से में आपा खोई बहू ने हथौडे़ से सास के सिर पर वारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद बाद बहू ने लूट का ड्रामा रचा, मगर पुलिस के सामने उसकी चालाकी सिर्फ दो दिन ही चल सकी। दक्षिण जिले के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त प्रमोद कुशवाहा ने बताया कि, 29 अगस्त को मालवीय नगर के खिड़की एक्सटेंशन में बुजुर्ग महिला मधु की हत्या व लूटपाट की सूचना मिली थी। मधु की बहू रचना को भी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था। रचना ने अपने बयान में कहा था कि, एक व्यक्ति घर में घुस गया और सास के सिर पर वार कर हत्या कर दी। इसके बाद लूटपाट कर वह फरार हो गया। इस दौरान खुद को बचाने के लिए उसने बेटी के साथ अपने को कमरे में बंद कर लिया था। लेकिन मालवीय नगर थानाध्यक्ष विजयपाल सिंह, इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह, एसआई एसएस यादव की टीम ने जब रचना से कड़ाई से पूछताछ की तो उसने सारी सच्चाई उगल दी। रचना ने पुलिस को बताया कि, खाने को लेकर हुए झगड़े में सास ने उसे दो थप्पड़ मार दिए थे। इससे वो आपा खो बैठी और कमरे में रखे हथौड़े से सास के सिर पर वार कर दिया जिससे मधु की मौके पर ही मौत हो गई थी।
