सारीकोठी सड़क के लिए बजट मांगा

पतलीकूहल (कुल्लू)। बलोहणी में हुई मनाली विकास मंच की बैठक में कई मुद्दों पर चर्चा की गई। यह बैठक विकास मंच अध्यक्ष धर्मवीर धामी की अध्यक्षता में हुई। इस दौरान विकास मंच ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह द्वारा हरिपुर कालेज के उद्घाटन करने व कालेज का नाम जवाहर लाल नेहरू के नाम पर रखने पर खुशी प्रकट की। इस अवसर पर धर्मवीर धामी ने कहा कि जिस प्रकार मुख्यमंत्री ने मनसारी गांव तक सड़क निर्माण की घोषणा की है, उसी तरह मंच ने सारीकोठी गांव तक पहुंचने वाली सड़क के सुधार को लेकर भी बजट का प्रावधान करने की मांग की है। कहा कि सारीकोठी गांव को जोड़ने बाली सड़क की हालत बहुत दयनीय है। इस सड़क के दोबारा निर्माण से सारीकोठी पंचायत के सारी, बलौहणी, भेखली तथा धरमोट गांव के सैकड़ों लोग लाभान्वित होंगे। धामी ने कहा कि 2014 में होने वाले लोकसभा चुनाव में मनाली विकास मंच वीरभद्र सिंह का पूरा समर्थन करेगा तथा उनकी ओर से घोषित उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित की जाएगी। इस बैठक में मनाली विकास मंच महामंत्री मानचंद ठाकुर, प्रेम शर्मा, कमला शर्मा, देवेंद्र नेगी, चंद्रसेन ठाकुर, अनुराग प्रार्थी, अजीत ठाकुर, सुभाष ठाकुर, रूल्दा राम ठाकुर, नवीन तनवर, जगदीश शर्मा तथा वीरेंद्र मोहन सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।

Related posts