सामान्य उद्योग निगम निदेशक पर केस

पालकवाह (ऊना)। पुलिस ने कोर्ट के आदेशों पर सामान्य उद्योग निगम के निदेशक पवन ठाकुर समेत दो लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और अन्य आरोपों के तहत मामला दर्ज किया है। मामला सेवर पेपर मिल के अधिकारी राजेंद्र आहूजा की ओर से दर्ज कराया गया है। आहूजा ने वकील के माध्यम से न्यायालय में धारा 156(3) के तहत अरजी दायर की थी। इस पर न्यायालय ने हरोली थाना को मामला दर्ज करने के आदेश दिए। पुलिस ने न्यायालय के आदेशों पर पवन ठाकुर और नरेश ठाकु र के खिलाफ भादसं की धारा 382, 395, 452, 420, 467, 468 और 471 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार राजेंद्र आहूजा ने यह मामला कोर्ट के माध्यम से दर्ज कराया है। हरोली पुलिस थाना में एफआईआर के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पेपर मिल प्रबंधन जब दो सप्ताह पूर्व रात को अपना सामान और मशीनरी आदि समेट कर निकल रही थी तो कामगारों ने गाड़ियां रोक दी थीं। अगले दिन मिल के बाहर दो-दो माह का बकाया वेतन लेने के लिए कामगारों, ठेकेदारों और ट्रक आपरेटरों की भीड़ जुट गई थी। इस पर ऊना से डीएसपी हेडक्वार्टर सुरेंद्र शर्मा समेत आबकारी एवं कराधान विभाग ईटीओ और अन्य अधिकारी गोंदपुर बूल्ला गए थे। आरोप है कि पवन ठाकुर भी उस दिन मिल में गए थे। उसके अगले दिन जब सभी श्रमिक और अन्य डीसी और एसपी से ऊना में मिले तो पवन ठाकुर भी एसपी कार्यालय आए थे। पुलिस का कहना है कि आहूजा ने धोखाधड़ी के भी आरोप लगाए हैं जो बिल आदि से संबंधित हैं। पुलिस सूत्रों ने बताया कि पवन ठाकुर ने भी मिल प्रबंधन से पैसे लेने हैं। डीएसपी हेडक्वार्टर सुरेंद्र शर्मा ने पवन ठाकुर और नरेश ठाकुर के खिलाफ मामला दर्ज होने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच हरोली थाना के एडिशनल एसएचओ हरीश गुलेरिया को सौंपी गई है।

Related posts