
हरोली (ऊना)। क्षेत्र के एक गांव में रह रहे एक साधु पर नौ वर्षीय बच्ची के साथ दुराचार करने का आरोप लगा है। बच्ची गांव के ही एक स्कूल में चौथी कक्षा में पढ़ती है। पुलिस ने आरोपी साधु को गिरफ्तार कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना का पता उस समय चला जब पीड़ित बच्ची ने पूरी आपबीती अपने अध्यापकों को बताई। पुलिस ने नाबालिग को मेडिकल के लिए अस्पताल भेज दिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी साधु पिछले एक माह से बच्ची को अपनी हवस का शिकार बना रहा था।
पुलिस के अनुसार हरोली के एक गांव में रह रहे हरिद्वार निवासी साधु पर एक बच्ची ने दुराचार के संगीन आरोप जड़े हैं। बच्ची ने आरोप लगाया है कि कुटिया के साधु ने इसके साथ दुराचार को अंजाम दिया है। आरोपी ने बच्ची को जान से मारने तक की धमकियां भी दी हैं। शुक्रवार को छात्रा ने स्कूल में अपने ही अध्यापकों को इस बारे में सूचित किया, जिससे अध्यापक भी हैरान रह गए। इसके बाद अध्यापकों ने पूरे घटनाक्रम के बारे में पुलिस को सूचित किया। उधर, डीएसपी हेडक्वार्टर सुरेंद्र शर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामले के संदर्भ में प्रेम उर्फ दिगंबर नाथ को गिरफ्तार किया है। जबकि मामले की आगामी जांच शुरू कर दी है।
