सात साल के मासूम की अगवा कर हत्या

नई दिल्ली। गोकुलपुरी के गंगा विहार में सात साल के मासूम की अगवा कर हत्या कर दी गई। उसका शव घर के सामने स्थित शिव-दुर्गा मंदिर की पहली मंजिल पर रखे कूलर से मिला। उसके गले पर रस्सी भी लिपटी थी। शनिवार दोपहर को घर के सामने खेलते हुए बच्चा गायब हो गया था। सोमवार दोपहर को मंदिर से दुर्गंध आने पर मामले का पता चला। शुरुआती जांच के बाद पुलिस का कहना है कि मासूम की हत्या गला घोंटकर की गई है। आशंका व्यक्त की जा रही है कि उसके साथ कुकर्म भी हुआ है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह का पता चल पाएगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी अस्पताल भेज दिया गया है।
गोकुलपुरी के एक पब्लिक स्कूल में पहली कक्षा में पढ़ने वाला साहिल (7) मां सना खान के साथ गंगा विहार में रहता था। ब्यूटी पार्लर का काम करने वाली सना का करीब चार साल पहले पति जावेद से विवाद हो गया था। जावेद लोनी स्थित राशिद अली गेट पर रहता है। शनिवार दोपहर को करीब 12 बजे घर के सामने खेलते हुए वह गायब हो गया। शनिवार शाम को सना और जावेद ने गोकुलपुरी थाने में साहिल की गुमशुदगी दर्ज करा दी। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे जब बच्चे प्रसाद लेने मंदिर पहुंचे तो उन्होंने पहली मंजिल से तेज दुर्गंध आने की शिकायत की। इस पर लोगों ने ऊपर जाकर देखा तो कूलर में साहिल का शव मिला। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पुजारी की तबीयत खराब होने की वजह से मंदिर कम ही खुलता है। इस मामले में मंदिर के मालिक के बेटे को हिरासत में लिया गया है।

Related posts