सात क्विंटल दातुन के साथ पकड़ी गाड़ी

कुल्लू। ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क की एक टीम ने पार्क क्षेत्र के सैंज स्थित रोपा में नाका लगाकर 736 किलोग्राम अखरोट की दातुन को एक गाड़ी में ले जाते हुए पकड़ा। विभाग ने दातुन से लदी टाटा पिकअप संख्या एचपी-66-3596 तथा एक अन्य कार संख्या एचपी 70-1252 को भी अपने कब्जे में ले लिया है। नाके पर तैनात पांच सदस्यीय टीम ने वाहन चालक मोहन सिंह निवासी पधर, मंडी को धर दबोचा, जबकि चार अन्य लोग रात के अंधेरे का लाभ उठाते हुए मौके से फरार हो गए। ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क के डीएफ ओ गुलाब सिंह चंदेल ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि विभाग ने गुप्ता सूचना के आधार पर शुक्रवार सुबह चार बजे नाका लगा रखा था। नाके में अतिरिक्त आरओ दिनेश कुमार, गार्ड कमलजीत, वन कर्मी जय सिंह सहित पांच लोग शामिल थे। उन्होंने कहा कि विभाग ने सैंज थाना में मामला दर्ज करवा दिया है। उधर, डीएसपी कुल्लूू संजय शर्मा ने कहा कि मामला दर्ज कर पुलिस ने आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। कहा कि अखरोट की दातुन कहां से लाई गई थी और इसे कहां बेचा जाना था, इन सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि फरार लोगों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Related posts