साढ़े चार लाख रुपये के जेवर पकड़े

नादौन (हमीरपुर)। आबकारी एवं कराधान विभाग की टीम ने नादौन में होशियारपुर के व्यापारी से साढ़े चार लाख रुपये के गहने बरामद किए हैं। यह गहने बिना कर चुकाए पंजाब से लाए जा रहे थे और नादौन में बेचने की फिराक में थे। विभाग ने मूल्य की गणना कर व्यापारी से सवा लाख रुपये का जुर्माना वसूल किया है। 30 मई को भी नादौन में विभाग की टीम ने करीब चार लाख रुपये के गहने पकड़े थे जो बिना टैक्स अदा किए लाए जा रहे थे। विभाग ने इस मामले में भी 1.09 लाख रुपए का जुर्माना व्यापारी से वसूल किया था।
आबकारी एवं कराधान अधिकारी अश्वनी शर्मा ने बताया कि सहायक आबकारी एवं कराधान अधिकारी चेत राम नादौन बाजार में नियमित निरीक्षण पर थे। इसी दौरान एक व्यक्ति के हाथ में पकड़े गए बैग पर शक हुआ। व्यक्ति का बैग खुलवाया गया तो उसमें करीब 116 ग्राम स्वर्ण आभूषण बरामद किए गए जिनका मूल्य करीब 4.57 लाख रुपये आंका गया।
अश्वनी शर्मा ने बताया कि होशियारपुर निवासी व्यापारी पहले भी कई बार विभाग के हत्थे चढ़ चुका था। व्यापारी जेवरात लाने के कागजात नहीं दिखा पाया। इसके चलते आबकारी एवं कराधान नियमों के तहत व्यापारी से मौके पर ही 1.19 लाख रुपये का टैक्स वसूला गया। सहायक आबकारी एवं कराधान अधिकारी चेत राम ने कहा कि विभाग व्यापारियों की हलचल पर नजर रखे हुए है तथा जो भी व्यापारी बिना टैक्स अदा किए जेवरात या अन्य सामान लाता पकड़ा जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related posts