
टौणीदेवी (हमीरपुर)। टौणीदेवी में चिकित्सकों को आवास की सुविधा से महरूम नहीं रहना पड़ेगा। उनके लिए चार सैट का निर्माण किया जाएगा जिसके लिए साठ लाख रुपये के बजट का प्रावधान किया गया है। तीस लाख रुपये की पहली किस्त से जल्द ही कार्य शुरू होने वाला है। अस्पताल के पुराने शौचालयों को हटाकर डाक्टरों के लिए आवास बनाए जाएंगे।
पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में सिविल अस्पताल टौणीदेवी में डाक्टरों के आवास की सुविधा के लिए साठ लाख रुपये का प्रावधान किया गया था लेकिन अस्पताल परिसर के पास भूमि विवाद होने के कारण कार्य शुरू नहीं हो पाया था। अब स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल परिसर के पुराने भवन के साथ बने शौचालयों को हटाकर डाक्टरों के लिए आवास बनाने का फैसला लिया है। लोक निर्माण विभाग पहले ही भवन को अनसेफ घोषित कर चुका है जिससे आवास निर्माण का रास्ता पूरी तरह से साफ हो गया है।
अस्पताल में डाक्टरों को रहने में दिक्कत होती थी तथा पूर्व सरकार ने बजट उपलब्ध कराया था। स्वास्थ्य विभाग पुराने भवन के साथ बने शौचालयों को गिराने के लिए नीलामी करने की तैयारी में है जिससे भवन निर्माण का कार्य लोक निर्माण विभाग शुरू कर सके। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता जीएस राणा का कहना है कि अस्पताल परिसर में डाक्टरों के लिए चार सैटों का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए साठ लाख रुपये का प्रावधान है तथा तीस लाख रुपये की राशि विभाग को मिल चुकी है। स्वास्थ्य विभाग से शौचालयों को हटाने की लिखित सूचना मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू करने की प्रक्रिया विभाग आरंभ कर देगा जिससे जल्द डाक्टरों के आवासों का निर्माण किया जा सके। वहीं खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके अगिभनहोत्री का कहना है कि डाक्टरों के लिए आवास निर्माण प्रक्रिया के लिए आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
